Amit Shah Rally in Haryana: अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से एक्टिव हो गई है। इसी कड़ी में हरियाणा के सिरसा में 18 जून को बीजेपी की एक बड़ी रैली होगी। रैली को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) संबोधित करेंगे। केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 9 साल पूरे होने पर बीजेपी हरियाणा के हर लोकसभा क्षेत्र में बड़ी रैली करेगी। इस दौरान 30 जून तक 13 बड़े कार्यक्रम तय किए गए हैं।
बीजेपी हरियाणा के प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब (Biplab Kumar Deb) ने हिसार के हांसी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 जून तक हरियाणा में कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इसी कड़ी में 18 जून को गृहमंत्री अमित शाह भी राज्य का दौरा करेंगे।
देब ने कहा कि पार्टी ने केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 जून तक हरियाणा में 13 प्रमुख कार्यक्रम तय किए हैं। इनमें मुख्य रूप से रैली, व्यापारी संगठनों से बातचीत, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क, 21 जून को योगा दिवस सहित अन्य आयोजन होंगे।
उन्होंने कहा कि हर लोकसभा क्षेत्र में एक बड़ी रैली होगी। इसके तहत 18 जून को सिरसा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली रखी गई है। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में 10 लाख बूथों पर डिजिटल रैली करेंगे। योग दिवस कार्यक्रम के तहत 21 जून को हर शक्ति केंद्र पर कार्यक्रम होगा।
बीजेपी प्रभारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की 9 साल की उपलब्धियों को पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच लेकर जाएंगे। उन्हें बताएंगे कि सरकार ने क्या-क्या कल्याणकारी योजनाएं चलाई है। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जो शुरुआत में हमारे संगठन से जुड़े थे, उनसे संपर्क किया जाएगा। उनकी कुशलक्षेम पूछी जाएगी और उनका मार्गदर्शन लिया जाएगा।
बिपल्व देव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बननी तय है। उन्होंने कहा कि पहले ये माना जाता था कि बीजेपी के लिए नॉर्थ ईस्ट राज्यों में सरकार बनाना बहुत ही मुश्किल काम होगा। लेकिन हमने जनता के आशीर्वाद से इस असंभव से लगने वाले कार्य को भी संभव करके दिखाया है।