Arvind Kejriwal Arrested: जेल में ही होली मनाएंगे केजरीवाल! कोर्ट ने 28 मार्च तक ED की हिरासत में भेजा

Arvind Kejriwal Arrested: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED द्वारा अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ दायर की गई याचिका शुक्रवार को अचानक से वापस ले ली। इससे कुछ घंटे पहले सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर सुनवाई करने को तैयार भी हो गया था। हालांकि, उन्होंने कुछ देर बाद अपनी याचिका सुप्रीम कोर्ट से वापस ले ली

अपडेटेड Mar 22, 2024 पर 8:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Arvind Kejriwal Arrested: केजरीवाल की गिरफ्तारी पर AAP ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है

Arvind Kejriwal Arrested: आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने सीएम केजरीवाल को 6 दिनों के लिए ED की रिमांड में भेज दिया है। ED ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की 10 दिन की हिरासत मांगी थी। ED ने कोर्ट में कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब चुनाव के लिए 'साउथ ग्रुप' से कुछ आरोपियों से 100 करोड़ रुपये की मांग की थी। ED ने केजरीवाल को शराब घोटाला मामले का 'सरगना (Kingpin)' करार दिया है।

आम आदमी पार्टी संयोजक को अदालत परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे विशेष जज कावेरी बावेजा के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद ED ने अदालत से कहा, "हमने 10 दिन की रिमांड के लिए आवेदन दिया है।" ED ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने 'साउथ ग्रुप' और शराब घोटाले के आरोपियों के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाई। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस वी राजू एजेंसी की ओर से पैरवी की। जबकि केजरीवाल का पक्ष वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी पेश हुए।

ED ने केजरीवाल को किया गिरफ्तार


प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार (21 मार्च) रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पद पर रहने के दौरान किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है। लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान के बीच 55 वर्षीय केजरीवाल की गिरफ्तारी पर AAP ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। हालांकि, BJP ने नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे की मांग की है।

अधिकारियों ने बताया कि दिन में तेजी से बदलते घटनाक्रम में ED के एक अतिरिक्त निदेशक के नेतृत्व में एजेंसी की 10 सदस्यीय टीम नई दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंची और तलाशी ली। मुख्यमंत्री आवास पर ईडी की टीम के पहुंचने के दो घंटे से अधिक समय बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने गिरफ्तार करने से पहले केजरीवाल से कुछ देर तक पूछताछ की। उन्होंने बताया कि छापे के दौरान कुछ जब्तियां भी की गईं।

शराब घोटाला मामले में 16वीं गिरफ्तारी

दिल्ली शराब घोटाला मामले में ED द्वारा इस मामले में 16 वीं गिरफ्तारी है। ED इस मामले में अबतक छह आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और 128 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर चुकी है। केजरीवाल मामले में पूछताछ के लिए एजेंसी द्वारा जारी किए गए 9 समन को टाल चुके थे। दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित एजेंसी के दफ्तर के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी है।

पिछले हफ्ते, तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी एवं भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के. कविता को हैदराबाद स्थित उनके आवास से एजेंसी ने गिरफ्तार किया गया था जो अभी इसी मामले में 23 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं। यह मामला 2021-22 के लिए दिल्ली आबकारी नीति तैयार करने और उसे लागू करने में कथित भ्रष्टाचार एवं मनी लॉन्ड्रिंग से संबद्ध है। हालांकि, बाद में यह नीति रद्द कर दी गई।

सिसोदिया और संजय सिंह भी गिरफ्तार

AAP नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। ED के आरोपपत्र में केजरीवाल के नाम का उल्लेख कई बार किया गया है। एजेंसी का आरोप है कि आरोपी आबकारी नीति बनाने के लिए केजरीवाल के संपर्क में थे। यह नीति बनाने और इसे लागू करने के लिए आप पर रिश्वत लेने का आरोप है। ED ने हाल में एक बयान में आरोप लगाया था कि BRS नेता कविता और कुछ अन्य ने आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपये अदा कर आबकारी नीति में फायदा पाने के लिए केजरीवाल और सिसोदिया जैसे AAP के शीर्ष नेताओं के साथ साजिश रची थी।

ये भी पढ़ें- Arvind Kejriwal Arrest: केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद क्या दिल्ली को मिलेगा झारखंड जैसा नया CM? ये 3 नाम रेस में आगे

ED की कार्रवाई पर आप के सांसद राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनावों से ठीक पहले केजरीवाल को गिरफ्तार करने की बड़ी साजिश रची गई। शराब घोटाले के अलावा सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली जल बोर्ड में कथित अनियमितता के सिलसिले में भी ED के एक मामले का सामना कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।