Arvind Kejriwal Arrest News Updates: आबकारी नीति संबंधी कथित घोटाले से जुड़े मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के कारण आम आदमी पार्टी (AAP) और दिल्ली सरकार के सामने नेतृत्व का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, कैबिनेट मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज को इस भूमिका के लिए उनके संभावित विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, दिल्ली सरकार में नंबर 2 के रूप में देखी जाने वाली आतिशी ने कहा है कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
AAP के सामने अब एक ऐसे नेता को चुनने की चुनौती है जो केजरीवाल की अनुपस्थिति में पार्टी और दिल्ली में उनकी सरकार की कमान संभाल सके। AAP नेतृत्व के लिए ऐसे नेता को चुनना वास्तव में एक कड़ी चुनौती है जिसका कद पार्टी संयोजक केजरीवाल के कद के समान या इसके आस-पास हो। केजरीवाल 2012 में पार्टी के गठन के बाद से इसके संयोजक हैं। करीब एक दशक से दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं।
केजरीवाल का स्थान ले सकने वाले नेता को खोजना और भी अधिक महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि AAP पंजाब, दिल्ली, गुजरात, असम और हरियाणा में लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है जहां केजरीवाल पार्टी के अहम प्रचारक होने वाले थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए पूर्व IRS (भारतीय राजस्व सेवा) अधिकारी सुनीता केजरीवाल के अलावा AAP सरकार की मंत्री आतिशी और भारद्वाज के नाम पर भी चर्चा जारी है।
दिल्ली सरकार में शिक्षा, वित्त, पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग), राजस्व और सेवाओं सहित सबसे अधिक विभाग संभालने वाली आतिशी को अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता है। वह AAP सरकार और केजरीवाल का बचाव करने वाली पार्टी की अग्रिम पंक्ति की प्रवक्ता भी हैं। वह अपने नियमित संवाददाता सम्मेलनों में एवं समाचार चैनलों पर उपस्थिति के जरिए BJP पर हमला करती रही हैं।
सौरभ भारद्वाज भी रेस में आगे
इसी तरह, सौरभ भारद्वाज भी दिल्ली कैबिनेट के एक प्रमुख सदस्य हैं और उनके पास स्वास्थ्य एवं शहरी विकास सहित कई महत्वपूर्ण विभाग हैं। वह भी पार्टी का एक जाना-माना चेहरा हैं, जो अक्सर पार्टी एवं उसके नेताओं का बचाव करते हैं। शासन-संबंधी एवं राजनीतिक मुद्दों पर केंद्र की BJP (भारतीय जनता पार्टी) सरकार पर जवाबी हमला करते हैं। भारद्वाज को तब प्रसिद्धि मिली जब उन्होंने आप के इस दावे को सही ठहराया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को हैक किया जा सकता है। आतिशी आम आदमी पार्टी की सीनियर नेता हैं। उनके पास महत्वपूर्ण वित्त, राजस्व, पीडब्ल्यूडी, सेवाएं, बिजली और शिक्षा सहित 14 से अधिक विभाग हैं। वह पार्टी की स्थापना के समय ही इसमें शामिल हुईं।
जेल से ही सरकार चला सकते हैं केजरीवाल
हालांकि, पिछले साल दिसंबर में AAP ने 'मैं भी केजरीवाल' नाम से एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया था, जिसमें लोगों से पूछा गया था कि उन्हें गिरफ्तार होने की स्थिति में क्या दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए या जेल से सरकार चलानी चाहिए। AAP सुप्रीमो ने इस अभियान के दौरान दिल्ली में पार्टी विधायकों और नगर निगम पार्षदों से भी मुलाकात की थी और उनकी प्रतिक्रिया ली थी। भारद्वाज ने हाल में कहा था, "इस अभियान के दौरान लगभग 90 प्रतिशत लोगों ने राय दी कि केजरीवाल के पास दिल्ली का जनादेश है और उन्हें चुना गया है इसलिए केवल उन्हें ही सरकार चलानी चाहिए, चाहे वह कहीं से भी हो।"
AAP को पार्टी का नेतृत्व करने के लिए केजरीवाल का विकल्प भी ढूंढ़ना होगा। पार्टी दिल्ली और पंजाब में सत्ता में है और इसके अलावा गुजरात और गोवा में भी इसके विधायक हैं। इस मामले में भी पार्टी के विकल्प काफी सीमित हैं। सुनीता केजरीवाल के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आतिशी का नाम भी उन नेताओं के रूप में चर्चा में है जो AAP के नए राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।