बिहार में साल 2025 में विधान सभा के चुनाव होना है। इसके लिए समय बहुत कम बचा है। इस बीच राज्य के सीएम नीतीश कुमार ने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की भर्ती का ऐलान किया है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 78,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए सीएम नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर राज्य के डीजीपी आलोक राज से कहा है कि विधान सभा चुनाव से पहले 78,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। खुद सीएम नीतीश ने एक कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में 78,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती की घोषणा की है।
एक सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने डीजीपी की ओर हाथ जोड़कर कहा कि ''मैं आपसे कह रहा हूं कि अगले छह महीने में 78,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर लीजिए। अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव है। लिहाजा छह महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी कर लीजिए।
बिहार में पुलिस कर्मियों की संख्या होगी दोगुनी
राज्य के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सूबे में पुलिस कर्मियों की संख्या दो गुना की जाएगी। मौजूदा समय में 1.10 लाख पुलिस कर्मी हैं। इसकी संख्या बढ़ाकर 2.29 लाख करना है। 21,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। 20,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बाकी 78,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती अगले 6 महीने में पूरी कर ली जाएगी। कुमार ने आगे कहा कि पुलिस बल में 35 फीसदी महिलाएं भर्ती की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़कर करीब 30,000 हो गई है। उन्होंने दावा किया कि किसी अन्य राज्य में इतनी संख्या में महिला कर्मी नहीं हैं। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि महिला पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति से महिला शिकायतकर्ताओं के लिए चीजें आसान हो रही हैं।
राज्य में कानून व्यवस्था में हुआ सुधार
उन्होंने कहा कि इससे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। साल 2005 के पहले यहां कानून व्यवस्था बेहद खराब थी। यह बात सभी लोग जानते हैं। अब देर रात तक लोग घरों से बाहर रहते हैं। निडर होकर अपना काम कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि हमने 2020 में 10 लाख नौकरी और रोजगार देने का वादा किया किया था। जिसमें से हमारी सरकार ने 7.16 लाख लोगों को रोजगार दे दिया है। सीएम नीतीश ने नवनियुक्त पुलिस उपनिरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है आप सभी अपनी जिम्मेदारियों को ठीक से निभाएंगे।