राज्यसभा चुनाव: BJP ने पीयूष गोयल को महाराष्ट्र और निर्मला सीतारमण को कर्नाटक से बनाया उम्मीदवार

बीजेपी ने रविवार को यूपी से 6 राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया, जबकि दो नामों का ऐलान अभी भी होना बाकी है, देखिए बीजेपी उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट...

अपडेटेड May 29, 2022 पर 10:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BJP ने राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण को क्रमश: महाराष्ट्र और कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया है। राज्यसभा चुनाव 10 जून को होने में है।

यूपी से 6 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान

BJP के कुल 16 उम्मीदवारों में से छह उत्तर प्रदेश से हैं। पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपनी परंपरागत गोरखपुर सदर सीट छोड़ने वाले पूर्व विधायक राधा मोहन दास अग्रवाल को पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने राज्य से दो महिलाओं- दर्शना सिंह और संगीता यादव को मैदान में उतारा है। इसके अलावा पार्टी ने यूपी से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई, मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर और बाबूराम निषाद को उम्मीदवार बनाया है।

बता दें कि यूपी से बीजेपी के 8 उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव की स्थिति में है, जबकि पार्टी ने रविवार को सिर्फ 6 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। ऐसे में बाकि दो नामों को लेकर राजनीतिक गलियारों में अभी भी अटकलों का बाजार गर्म है।


पार्टी ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार से दो-दो और मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड व हरियाणा से एक-एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की।

यह भी पढ़ें- WhatsApp Payment दे रहा है 35 रुपये का कैशबैक, यहां जानिए कैसे उठाएं इस ऑफर का लाभ

हरियाणा से इन्हें मिला टिकट

हरियाणा से राज्यसभा सदस्य रहे भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का नाम उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है। पार्टी ने हरियाणा से पूर्व विधायक कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है।

राजस्थान से घनश्याम तिवारी बने उम्मीदवार

मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, राजस्थान से घनश्याम तिवारी और उत्तराखंड से कल्पना सैनी के नामों की घोषणा की गई है। बिहार से पार्टी ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी की तरफ से जारी लिस्ट के मुताबिक अनिल सुखदेवराव बोंडे को महाराष्ट्र से जबकि जग्गेश को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है।

31 मई तक नामांकन की तारीख

निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 मई है। एक जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और तीन जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 10 जून को पूर्वाह्न नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। उसी दिन मतगणना भी होगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।