देश की सबसे बड़ी और धनी महानगरपालिका बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शहर के स्कूलों से अपने नाम मराठी (Marathi) में लिखने का आदेश दिया है। BMC के मुताबिक मराठी में लिखे हुए नाम के साइनबोर्ड ऐसे स्थान पर लगाने चाहिए जो आसानी से दिख सकें। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में एक सर्कुलर जारी किया है जिसके मुताबिक स्कूलों को अपने स्कूल का नाम मराठी में लिखना होगा।
महाराष्ट्र, मुंबई में बीएमसी शिक्षा विभाग ने एक सर्कुलर जारी किया है और अपने अधिकार क्षेत्र के सभी स्कूलों को स्कूल के बाहर 8×3 फीट आकार के साइनबोर्ड पर मराठी देवनागरी लिपि में स्कूलों के नाम लिखने के लिए कहा है। समाचार एजेंसी एएनआई (news agency ANI) ने ट्वीट करके ये जानकारी दी है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Maharashtra Chief Minister Uddhav Thackeray) ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार 'आधिकारिक मराठी' के सरलीकरण पर काम कर रही है, क्योंकि कई बार आधिकारिक मराठी समझ से परे होती है। मुख्यमंत्री गुड़ी पाड़वा (महाराष्ट्रियन नव वर्ष) के अवसर पर मराठी भाषा भवन के मुख्य केंद्र के शिलान्यास में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज अपने प्रशासन में मराठी के उपयोग के इच्छुक थे। मुंबई को अपने राज्य की राजधानी बनाने के लिए महाराष्ट्रियन्स को "लड़ना और खून बहाना" पड़ा है। ठाकरे ने आगे कहा, "जो लोग इतिहास भूल जाते हैं उनका कोई भविष्य नहीं होता है।"
मुख्यमंत्री ने कहा ''अंग्रेजी का ज्ञान जरूरी है। मुझे अन्य भाषाओं से नफरत नहीं है, लेकिन मैं मराठी का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। अन्य भाषाओं से नफरत करने की जरूरत नहीं है, लेकिन अन्य भाषाओं द्वारा अतिक्रमण भी नहीं किया जाना चाहिए। मिंट ने पीटीआई के हवाले से खबर छापी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के स्कूलों में मराठी का अध्ययन अनिवार्य करना या दुकानों और व्यवसायों के लिए मराठी में बोर्ड लगाये जाने को अनिवार्य करना अत्याचार की श्रेणी में नहीं आता है।