By-Elections 2022: यूपी के आजमगढ़ और रामपुर सहित 3 लोकसभा और 7 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, 26 जून को आएंगे नतीजे
UP के रामपुर और आजमगढ़ के अलावा पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहे हैं। वहीं, दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की 7 विधानसभा सीटों पर भी मतदान किए जा रहे हैं। इन सभी सीटों के नतीजे 26 जून को आने वाले हैं
आजमगढ़ और रामपुर संसदीय सीटों से चुनाव लड़ रहे 19 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 35 लाख से अधिक मतदाता करेंगे
By-Elections 2022: उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (SP) का गढ़ माने जाने वाली लोकसभा सीटों आजमगढ़ और रामपुर में उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। समाजवादी पार्टी का गढ़ समझी जाने वाली आजमगढ़ और रामपुर संसदीय सीटों से चुनाव लड़ रहे 19 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 35 लाख से अधिक मतदाता करेंगे।
रामपुर और आजमगढ़ के अलावा पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर भी ये उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहे हैं। वहीं, दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों पर भी मतदान किए जा रहे हैं। इन सभी सीटों के नतीजे 26 जून को आने वाले हैं।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा आजमगढ़ सीट से इस्तीफा देने और रामपुर सीट से वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के त्यागपत्र देने से इन दोनों सीटों पर चुनाव आवश्यक हो गया था। अखिलेश यादव और आजम खान इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में विधायक चुने गए। चुनाव आयोग के मुताबिक, इन सीटों पर चुनाव पर नजर रखने के लिए कई पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
इसके अलावा 291 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 40 जोनल मजिस्ट्रेट और 433 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। आयोग के मुताबिक, सुरक्षित और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्रीय और राज्य के बल तैनात किए गए हैं। EVM और स्ट्रांगरूम की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय बलों को दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, आजमगढ़ से 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जहां 18.38 लाख मतदाता हैं। वहीं 6 उम्मीदवार रामपुर से चुनाव लड़ रहे हैं जहां 17.06 लाख मतदाता हैं। रामपुर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने घनश्याम सिंह लोधी को मैदान में उतारा है जो हाल ही में भगवा पार्टी में शामिल हुए हैं। वहीं सपा ने असीम रजा को मैदान में उतारा है। जबकि मायावती की अगुवाई वाली बसपा रामपुर से चुनाव नहीं लड़ रही है।
आजमगढ़ से त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है जहां से बीजेपी ने लोकप्रिय भोजपुरी गायक और अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को मैदान में उतारा है। वहीं सपा से धर्मेंद्र यादव और बसपा से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली मैदान में हैं। हाल के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सभी 4 विधानसभा सीटों- मुबारकपुर, सागदी, गोपालपुर और मेहनगर पर सपा ने जीत हासिल की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान सपा ने बसपा के गठबंधन में चुनाव लड़ा था और अखिलेश यादव इस सीट पर चुनाव जीते थे।
पंजाब लोकसभा सीट
पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के वास्ते गुरुवार सुबह मतदान शुरू हो गया। विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद इसे सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) की पहली परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतगणना 26 जून को की जाएगी।
संगरूर लोकसभा क्षेत्र में 15,69,240 मतदाता हैं, जिनमें 8,30,056 पुरुष, 7,39,140 महिलाएं और 44 ट्रांसजेंडर हैं। कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2014 और 2019 में संगरूर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। हाल में धूरी सीट से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
त्रिपुरा में 4 विधानसभा सीटों के लिए मतदान
त्रिपुरा में विधानसभा की चार सीटों पर उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि अगरतला, टाउन बारदोवाली, सुरमा और जुबराजनगर सीट पर 221 मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। इस चुनाव में सभी की नजर टाउन बारदोवाली सीट पर रहेगी, जहां से मुख्यमंत्री माणिक साहा चुनाव लड़ रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते सुदीप रॉय बर्मन और आशीष साहा कांग्रेस में शामिल हो गए थे जिसके बाद अगरतला और टाउन बारदोवाली सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। सूरमा सीट से बीजेपी विधायक आशीष दास के पार्टी के खिलाफ बगावत करने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिस वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। माकपा विधायक रामेंद्र चंद्र देवनाथ के निधन के कारण जुबराजनगर सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
झारखंड की मांडर विधानसभा उपचुनाव
झारखंड की मांडर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि 433 केंद्रों पर मतदान हो रहा है, जो शाम चार बजे तक चलेगा। उपचुनाव में 3.54 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे, इनमें 1.75 लाख महिलाएं शामिल हैं। मतगणना 26 जून को होगी। भ्रष्टाचार के मामले में विधायक बंधु टिरके को दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश की आत्माकुरु विधानसभा सीट पर भी आज वोटिंग हो रहे हैं। आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ YSR कांग्रेस का मानना है कि राज्य के एसपीएस नेल्लोर जिले में आत्माकुरु विधानसभा क्षेत्र के लिए होने वाला उपचुनाव उसके लिए आसान होगा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कड़ी टक्कर देने के लिए प्रतिबद्ध है।