'2019 में हुआ था काफी नुकसान' CAA लागू होने के बाद दिल्ली, UP और असम समेत कई राज्यों में बढ़ाई गई सुरक्षा

CAA Security Alert: केंद्र सरकार ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सोमवार को नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (CAA)-2019 को लागू करने की घोषणा की। विवादित कानून को पारित किए जाने के चार साल बाद केंद्र के इस कदम के कारण पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से 31 दिसंबर, 2014 से पहले भारत आने वाले गैर-मुस्लिम प्रवासियों को नागरिकता देने का रास्ता साफ हो गया है

अपडेटेड Mar 11, 2024 पर 8:56 PM
CAA Security Alert: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस कर्मियों की ओर से गहन गश्त और चेकिंग की गई (FILE PHOTO)

CAA Security Alert: देश में नागरिकता संशोधन कानून 2019 (CAA 2019) के नियम लागू कर दिए गए हैं। गृह मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसी के साथ देश राजधानी दिल्ली (Delhi), उत्तर प्रदेश (UP) और असम (Assam) जैसे संवेदनशील राज्यों में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। साल 2019 में इस कानून के विरोध में हुए जबरदस्त हिंसक प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए, तत्काल ये कदम उठाया गया है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लागू होने की घोषणा के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए कहा, "संवेदनशील इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस कर्मियों की ओर से गहन गश्त और चेकिंग की गई। सभी से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।"


CAA नोटिफिकेशन पर, उत्तर पूर्व DCP जॉय टिर्की ने कहा, "हमने उत्तर पूर्व जिले में व्यवस्था की है। 2020 में हमारा अनुभव बहुत खराब था, जिसके कारण भारी नुकसान हुआ। नियमों को आज जारी किया जाएगा और हमें पुलिस मुख्यालय के ओर से अलर्ट किया गया था।"

उन्होंने कहा, "हमने अमन समिति की एक बैठक की, जहां हमने दोनों समुदायों के लोगों को जानकारी दी। हमने संभावित उपद्रवियों और कुछ जाने पहचाने अपराधियों को चिह्नित किया है। हम अपने बीट कांस्टेबलों के संपर्क में हैं और सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहे हैं। हम दो दिनों तक फ्लैग मार्च भी करेंगे और कल से व्यापक फ्लैग मार्च करेंगे। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए खास नजर रखी जाएगी।"

उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट जारी

CAA लागू होने की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। DGP प्रशांत कुमार ने अधिकारियों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है, जबकि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई हैं। DGP हेडक्वार्टर को जनता को भड़काने वाले कंटेंट को कंट्रोल करने के लिए सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है।

इस बीच, राज्य भर की पुलिस को संबंधित इलाकों में पैदल गश्त करने का निर्देश दिया गया है। राज्य में हालात पर नजर रखने के लिए CCTV और ड्रोन कैमरे तैनात किए जाएंगे।

असम में भी बढ़ाई गई सुरक्षा

कुछ इसी तरह CAA के नियम लागू होने के बाद, पूरे असम में भी सोमवार को अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ सुरक्षा कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है और गुवाहाटी समेत राज्य के लगभग सभी शहरों में प्रमुख रूट पर बैरिकेड लगाए गए हैं।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, विपक्षी दलों की तरफ से CAA के नोटिफिकेशन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा किए जाने के बाद, संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।

ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) CAA की कॉपियां जलाने, जुलूस निकालने और नोटिफिकेशन के खिलाफ 'सत्याग्रह' शुरू करने की भी घोषणा की।

इससे पहले, असम पुलिस ने चुनाव प्रक्रिया खत्म होने तक और CAA नोटिफिकेशन की प्रत्याशा में अपने कर्मियों की लंबी छुट्टियां रद्द कर दी थीं।

क्या है CAA? मोदी सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले किया लागू, नागरिकता कानून को लेकर क्यों मचा था बवाल?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।