UP Elections 2022: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को उत्तर प्रदेश ग्राम उत्कर्ष समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों के हितों में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। मुख्यमंत्री योगी ने ग्राम प्रधानों (Village Pradhans) और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों (Panchayat Representatives) के मासिक भत्ते में वृद्धि की घोषणा की है।
सीएम योगी ने ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों के मानदेय में भारी वृद्धि की घोषणा की है। ग्राम पंचायत सदस्यों को भी अब प्रति बैठक मानदेय मिलेगा। वहीं क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों का भी मानदेय बढ़ा दिया गया है। सीएम योगी ने कहा कि हर गांव में ग्राम पंचायत कोष बनेगा और जनप्रतिनिधियों के निधन पर उनके स्वजनों को अनुकंपा धनराशि दी जाएगी।
किसका कितना बढ़ाया मानदेय?
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, क्षेत्र पंचायत सदस्य का मानदेय अब 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये, जिला पंचायत सदस्य का मानदेय 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपये, ग्राम प्रधान का मानदेय 3,500 से बढ़ाकर 5,000 रुपये, प्रमुख क्षेत्र पंचायत का मानदेय 9,800 से बढ़ाकर 11,300, जिला पंचायत अध्यक्ष का मानदेय 14,000 से बढ़ाकर 15,500 रुपये प्रति बैठक भुगतान में बढ़ोत्तरी की गई है।
42,478 ग्राम पंचायतों में सचिवालय का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश ग्राम उत्कर्ष समारोह में सीएम योगी ने राज्य की सभी 42,478 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गांव में रहने वालों को सचिवालय से लाभ मिलेगा, क्योंकि उन्हें आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र आदि कार्यों के लिए शहर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। साथ ही गांव से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी एक ही छत की नीचे आसानी से सुलभ होंगे।
सीएम योगी ने कहा कि आज 346 ग्राम पंचायतें सम्मानित हुई हैं, जिनमें 05 ग्राम प्रधानों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया है। सीएम ने कहा कि 42,478 नए ग्राम सचिवालयों के लोकार्पण का कार्यक्रम भी आज संपन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए मैं सभी ग्राम प्रधानों को हृदय से शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान के नेतृत्व में वहां पंचायत प्रतिनिधि तो बैठेंगे ही, साथ में ग्राम सहायक उनके सहयोग के लिए खड़ा होगा।