कांग्रेस ने मुझे अपशब्द कहने का ठेका किसी और को दे दिया है: PM नरेंद्र मोदी

राज्य में विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election 2022) के मद्देनजर राजकोट जिले के जमकंडोरना शहर में एक रैली में मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को कांग्रेस से सतर्क रहने को कहा

अपडेटेड Oct 11, 2022 पर 3:33 PM
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस ग्रामीण मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए चुपचाप काम कर रही है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस (Congress) ने उनके खिलाफ अपशब्द कहने का ठेका किसी और को दे दिया है। राज्य में विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election 2022) के मद्देनजर राजकोट जिले के जमकंडोरना शहर में एक रैली में मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को कांग्रेस से सतर्क रहने को कहा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनके खिलाफ बोलना बंद कर दिया है और वह ग्रामीण मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए ‘चुपचाप काम कर रही है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "पिछले 20 साल में गुजरात के खिलाफ रहे लोगों ने राज्य को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने मेरे खिलाफ जो मन में आया, वह कहा और मुझे ‘मौत का सौदागर’ तक बताया।’’


मोदी आम आदमी पार्टी (AAP) का नाम लिए बगैर कहा, "अचानक वे चुप हो गए हैं। उन्होंने हंगामा करने और मेरे खिलाफ अपशब्द कहने का ठेका दूसरों को दे दिया है। वे चुपचाप गांवों तक जा रहे हैं और लोगों को वोट देने के लिए कह रहे हैं।"

गुजरात में अपना चोला बदलकर घुसने की कोशिश कर रहे हैं ‘अर्बन नक्सली’: PM नरेंद्र मोदी

मोदी ने कहा, "मैं विपक्षी दल की चुपचाप काम करने की इस रणनीति के खिलाफ आपको आगाह करता हूं। मैं जानता हूं कि यह उन लोगों की तरफ से कंट्रोल किया जा रहा है, जो दिल्ली से गुजरात के खिलाफ साजिश रचने के लिए जाने जाते हैं।"

उन्होंने लोगों से कांग्रेस नेताओं से यह पूछने के लिए कहा कि क्या वे भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के सम्मान में गुजरात में बने ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जो माटी के लाल सरदार पटेल का सम्मान नहीं करते, उनके लिए गुजरात में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "अगर सरकार किसी भ्रष्ट के खिलाफ कार्रवाई करती है, तो एक समूह हमारे खिलाफ चिल्लाता है। क्या मुझे लोगों को लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए ?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।