Congress President Election: क्या कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत और शशि थरूर के बीच होगा मुकाबला?

Congress के दो दिग्‍गज नेताओं ने अध्‍यक्ष पद संभालने के लिए अपनी मंशा साफ कर दी है। इनमें पहला नाम शशि थरूर का है। जबकि दूसरे हैं राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत। अभी और भी नाम सामने आ सकते हैं

अपडेटेड Sep 20, 2022 पर 10:51 AM
थरूर ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी और उनको हामी मिल गई है

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव (Congress President Election) अगले महीने 17 अक्टूबर को होना है। इस बार का कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव बेहद दिलचस्‍प होने वाला है। कई सालों बाद कांग्रेस की कमान गांधी परिवार से बाहर का कोई व्‍यक्ति संभाल सकता है। इसके लिए रास्‍ता बनता दिख रहा है।

फिलहाल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत (Ashok Gahlot) और केरल के तिरुवनंतपुरम से तीन बार के सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में शामिल माने जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है।

सूत्रों की मानें तो राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नवरात्रि में 26 से 28 सितंबर के बीच अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन कर सकते हैं। कांग्रेस सूत्रों ने ये भी बताया है कि शशि थरूर भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के प्रबल इच्छुक हैं।


ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने पर कर रही है विचार

खबरों के मुताबिक, थरूर ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी और उनको हामी मिल गई। हालांकि, राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं का पूरा एक धड़ा खड़ा हुआ है। गांधी पर‍िवार का वफादार यह धड़ा चाहता है कि राहुल ही पार्टी की कमान संभालें।

सोनिया गांधी से मिली मंजूरी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष के चुनाव से पहले सोमवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी मुलाकात किस संबंध में हुई है। लोकसभा सदस्य थरूर ने सोनिया गांधी से मुलाकात ऐसे समय की है जब हाल ही में उन्होंने ऐसे संकेत दिए हैं कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

राहुल को अध्यक्ष बनाने की मांग तेज

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नजदीक आने के साथ ही पार्टी के भीतर राहुल गांधी को एक बार फिर से अध्यक्ष बनाने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को भी कई प्रदेश कांग्रेस कमेटियों ने राहुल गांधी के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए। राजस्थान, गुजरात और छत्तीसगढ़ के बाद मंगलवार को तमिलनाडु, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और बिहार की कांग्रेस इकाइयों ने प्रस्ताव पारित कर कहा कि राहुल गांधी को एक बार फिर से पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।

कई प्रदेश कांग्रेस कमेटियों ने यह प्रस्ताव उस समय पारित किया है जब मंगलवार को कांग्रेस की प्रदेश इकाइयां यह प्रस्ताव पारित कर कहा कि कांग्रेस के अगले अध्यक्ष को इसके लिए अधिकृत करें कि वह नए प्रदेश अध्यक्षों और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट की नियुक्ति करें। राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग वाले प्रस्ताव पारित करने की शुरुआत राजस्थान और छत्तीसगढ़ ने की।

पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी नए अध्यक्ष के चयन में आम सहमति बनाने की हिमायत की और किसी भी तरह की स्थिति उभरने पर संगठनात्मक विषयों में नेहरू-गांधी परिवार की प्रमुखता बनाये रखने की मांग की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।