Congress Protest: महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ी हुई जीएसटी दरों के खिलाफ कांग्रेस आज यानी शुक्रवार को देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा कि कांग्रेस के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को यातायात प्रभावित रहने की आशंका है।
पुलिस ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है और प्रमुख सड़कों पर भीड़भाड़ वाले संभावित स्थानों के आधार पर मार्ग परिवर्तन का सुझाव दिया जाएगा। एडवाइजरी के अनुसार, नई दिल्ली जिले में यातायात की सुगम आवाजाही की सुविधा के लिए बसें धौला कुआं, रिज रोड, शंकर रोड, पंचकुइयां रोड, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, मथुरा रोड, डब्ल्यू-पॉइंट, लोधी रोड, अरबिंदो मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, मोती बाग लाल बत्ती (शांति पथ) से आगे प्रतिबंधित रहेंगी।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि विशेष यातायात व्यवस्था के कारण कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, राजाजी मार्ग, अकबर रोड, सफदरजंग रोड और रायसीना रोड पर आवाजाही नहीं के बराबर रहेगी। विशेष यातायात व्यवस्था के कारण सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, पंचशील मार्ग, तुगलक रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, पृथ्वी राज रोड, शाहजहां रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, मौलाना आजाद रोड, रफी मार्ग, जनपथ रोड, अशोका रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, मदर टेरेसा क्रीसेंट मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग और मथुरा रोड पर भारी जाम की आशंका है।
दिल्ली पुलिस द्वारा एडवाइजरी में सुझाव दिया गया है कि वाहनों का उपयोग करने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) एसएस यादव ने गुरुवार को कहा था कि विशेष व्यवस्था की गई है और अपेक्षित भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक मार्ग परिवर्तन का सुझाव दिया गया है। हमने सभी प्रकार की स्थितियों के लिए सभी आकस्मिक व्यवस्था की है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आम लोगों को कम से कम असुविधा हो।
कांग्रेस ने आवश्यक वस्तुओं पर मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी और जीएसटी दर में वृद्धि के खिलाफ आज बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की योजना बनाई है। इस दौरान कांग्रेस राष्ट्रपति भवन की ओर एक मार्च निकालेगी और प्रदर्शन के तहत प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी।
प्रदर्शन करने से पहले कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र की जो मौत हो रही है क्या लगता है आपको, क्या महसूस हो रहा है? इस देश ने जो 70 साल में बनाया उसे 8 साल में खत्म कर दिया, देश में लोकतंत्र नहीं, 4 लोगों की डिकटेटरशिप चल रही है।