Congress Protest: महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है

अपडेटेड Aug 05, 2022 पर 1:16 PM
Story continues below Advertisement
महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ी हुई जीएसटी दरों के खिलाफ कांग्रेस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है

Congress Protest: कांग्रेस पार्टी आज यानी शुक्रवार को महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर लगी जीएसटी के खिलाफ देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी ने संसद में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ पार्टी सांसदों के विरोध का नेतृत्व किया। कांग्रेस सांसदों ने महंगाई और बेरोजगारी पर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाला।

इस दौरान मार्च में शामिल राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विजय चौक से राष्ट्रपति भवन जाते वक्त हिरासत में लिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और शशि थरूर समेत कांग्रेस के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

राहुल गांधी के अलावा दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को भी राजधानी स्थित AICC मुख्यालय के बाहर से हिरासत में ले लिया है। कांग्रेस दफ्तर के बाहर वह बेरोजगारी और महंगाई के विरोध में पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल हुई थीं।


ये भी पढ़ें- Congress Protest: कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, इन रास्तों पर जानें से बचें

इस बीच, कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। विजय चौक पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को छोड़कर नई दिल्ली जिले में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है।

प्रदर्शन करने से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र की जो मौत हो रही है क्या लगता है आपको, क्या महसूस हो रहा है? इस देश ने जो 70 साल में बनाया उसे 8 साल में खत्म कर दिया, देश में लोकतंत्र नहीं, 4 लोगों की डिकटेटरशिप चल रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश को शायद यह बात समझ नहीं आ रही, लेकिन जल्द समझ आएगी, देश में लोकतंत्र आज खत्म हो गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस मुख्यालय से पार्टी नेताओं के साथ प्रदर्शन कर रही हैं।

कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि वह महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगी जिसके तहत कांग्रेस कार्य समिति (CWC) के सदस्यों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का प्रधानमंत्री आवास का ‘घेराव करने’ की योजना है। मुख्य विपक्षी दल के अनुसार, कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सदस्य संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।