राम मंदिर के निर्माण के लिए निधि संकलन करने के अभियान शुरू होने के बाद विश्व हिंदु परिषद के कार्यकर्ता पूरे देश में इस कार्य के लिए निधि जमा कर रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्य के लिए 1 करोड़ रुपये की धनराशि दान में दी है।
मंदिर निर्माण के लिए 1 करोड़ दान देने के बाद गंभीर ने कहा कि अब पुराना विवाद खतम हो गया है। इसलिए अब देश में एकता और शांति स्थापित होगी। मंदिर के निर्माण के लिए मैं और मेरे परिवार ने एक छोटी से भेंट अर्पित की है।
बता दें कि इस अभियान की शुरुआत 14 जनवरी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने की थी। उन्होंने राम मंदिर के लिए सबसे पहले 5 लाख रुपये का चंदा दिया था और अभियान को हरी झंडी दिखाई थी। राष्ट्रपति कोविंद ने चेक के माध्यम से ये धनराशि चंदा ट्रस्ट को सौंपी थी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा राम मंदिर के निर्माण के लिए चंदा दिये जाने के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, बिहार के राज्यपाल फागू चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदा दिया है। इसके बाद से कई राज्यों के सीम, सांसद, कारोबारी से लेकर आम आदमी तक अपनी क्षमता के अनुसार भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए चंदा देने के आगे आ रहे हैं।