Delhi Election 2025: दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में कांग्रेस और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों का हवाला देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (12 जनवरी) को कहा कि 'INDIA' गठबंधन का पतन शुरू हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) पांच फरवरी को होने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव में आसानी से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा, "शिवसेना (UBT) महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में अकेले चुनाव लड़ रही है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ रही है। पश्चिम बंगाल और बिहार में विपक्षी गठबंधन के लिए हालात अच्छे नहीं हैं। 8 फरवरी को अपने पटाखे तैयार रखें, क्योंकि बीजेपी दिल्ली जीतेगी।"
महाराष्ट्र के शिरडी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्य-स्तरीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा शाह ने कहा, "आज इंडी गठबंधन पूरी तरह बिखर गया है। जिस तरह आपने महाराष्ट्र में महाविजय दिलाई, उसी तरह 8 फरवरी, 2025 को दिल्ली में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत, दुनिया के हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहा है।"
शाह ने कहा, "बीजेपी की परंपरा है कि जो हम कहते हैं वो हम करते हैं। हमने अनगिनत वादे पूरे किए हैं। चाहे अयोध्या में राम मंदिर बनवाना हो, चाहे जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाना हो, चाहे 4 करोड़ गरीबों को घर देने की बात हो, चाहे बिजली, पानी या स्वास्थ्य सुरक्षा देने की बात हो... हमने सारे वादे पूरे किए हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं मेरे कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि विकास की चेन तभी संभव होती है जब पंचायत से पार्लियामेंट तक आप भगवा लहराते हैं। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा, महाराष्ट्र में भी भाजपा और देश में भी भाजपा...।"
उनकी टिप्पणी INDIA गठबंधन के दलों के बीच आंतरिक दरार और नेतृत्व संघर्ष की खबरों के बाद आई है। खासकर तब जब आम आदमी पार्टी (AAP) ने सार्वजनिक रूप से विपक्षी गठबंधन में अन्य दलों से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर कांग्रेस को हटाने की अपील की। AAP आगामी दिल्ली चुनावों में अकेले चुनाव लड़ रही है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी का मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी से है।
इसके अलावा, उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) ने पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपने महा विकास अघाड़ी (MVA) के सहयोगी कांग्रेस से अलग होकर मुंबई नगर निगम चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने पार्टी को संकेत दिया है कि उसे अकेले चुनाव लड़ना चाहिए।