Mainpuri Lok Sabha By-Election: मुलायम सिंह की सीट मैनपुरी में डिंपल यादव होंगी सपा की उम्मीदवार, SP ने किया ऐलान

Mainpuri Lok Sabha By-Election: मैनपुरी लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण खाली हुई है। डिंपल यादव दो बार सांसद रह चुकी हैं

अपडेटेड Nov 10, 2022 पर 1:17 PM
Mainpuri Lok Sabha By-Election: मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव 5 दिसंबर को होना है

Mainpuri Lok Sabha By-Election: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (SP) ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। समाजवादी पार्टी की तरफ से गुरुवार को इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को ट्वीट किया, ‘‘समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी उपचुनाव- 2022 हेतु डिंपल यादव पूर्व सांसद को प्रत्याशी घोषित किया है।’’

मैनपुरी लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण खाली हुई है। मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद पिछले महीने निधन हो गया था। मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव पांच दिसंबर को होना है।

दो बार सांसद रह चुकी हैं डिंपल


डिंपल यादव दो बार सांसद रह चुकी हैं। कन्नौज से उपचुनाव और फिर 2014 के चुनाव में वह सांसद बनी थीं। इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए पूर्व प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, विधायक ममतेश शाक्य की दावेदारी संगठन के सामने की गई है। हालांकि, पार्टी इस बार किसी बड़े चेहरे को लड़ाने पर भी विचार कर रहा है।

ये भी पढ़ें- Maldives Fire: मालदीव में भीषण आग लगने से 9 भारतीयों समेत 10 लोगों की दर्दनाक मौत

अखिलेश ने दिया विरासत पर एकाधिकार का संदेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाकर मुलायम सिंह यादव की विरासत और सियासत पर एकाधिकार का संदेश दिया है। उन्होंने यह संदेश भी देने की कोशिश की है कि वह खुद भले मुलायम सिंह की सीट पर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं लेकिन डिंपल के बहाने वह मैनपुरी से पूरी तरह जुड़े रहेंगे। जाति समीकरण के लिहाज से भी डिंपल को ही ज्यादा फिट माना जा रहा है।

सुभासपा ने भी घोषित किए उम्मीदवार

पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अगुवाई वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने मैनपुरी लोकसभा और खतौली विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इस साल के शुरू में हुए विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर लड़ने के बाद उससे अलग हुई सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए रमाकांत कश्यप को उम्मीदवार बनाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।