Assembly Elections 2023: भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा (Tripura Assembly Elections 2023), मेघालय (Meghalaya Assembly Elections 2023) और नगालैंड (Nagaland Assembly Elections 2023) के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। त्रिपुरा में 16 फरवरी को वोटिंग होगी। जबकि मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि तीनों राज्यों के नतीजों का ऐलान एक साथ 2 मार्च को होगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मेघालय और नगालैंड चुनाव के लिए मतदान 27 फरवरी को होंगे और 2 मार्च को मतगणना होगी। जबकि त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 16 फरवरी को होंगे और 2 मार्च को मतगणना होगी। त्रिपुरा चुनाव के लिए अधिसुचना 21 जनवरी को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथी 30 जनवरी है।
चुनाव आयोग ने बताया कि नगालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में संयुक्त रूप से 62.8 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 31.47 लाख और विकलांग मतदाताओं की संख्या 31,700 शामिल हैं। पहली बार 3 राज्यों में चुनाव में 1.76 लाख से अधिक मतदाता होंगे।
बता दें कि इस साल 9 राज्यों में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) का ‘सेमीफाइनल’ माना जा रहा है। नगालैंड, मेघालय और त्रिपुरा के अलावा इस साल कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में भी विधानसभा चुनाव होने हैं।
तीनों पूर्वोत्तर राज्यों- नगालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में सबसे पहले विधानसभा चुनाव होंगे। नगालैंड विधानसभा का कार्यकाल इस साल 12 मार्च को समाप्त होने वाला है। जबकि मेघालय और त्रिपुरा का कार्यकाल क्रमशः 15 मार्च और 22 मार्च को समाप्त होगा। सभी राजनीतिक दलों ने इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है।
किस राज्य में किसकी है सरकार और कब खत्म होगा कार्यकाल?
त्रिपुरा में जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार है। वहीं, नगालैंड में ‘नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव’ पार्टी सत्ता में है। नेशनल पीपुल्स पार्टी की मेघालय में सरकार है, जो पूर्वोत्तर की एकमात्र पार्टी है जिसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त है। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। बीजेपी शासित इस राज्य में चुनाव अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में हो सकता है। वहीं, मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना की विधानसभाओं के कार्यकाल इस साल दिसंबर और जनवरी 2024 में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त होंगे।
मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। जबकि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः तीन जनवरी और छह जनवरी, 2024 को समाप्त हो रहा है। इसी तरह, राजस्थान और तेलंगाना विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः 14 जनवरी और 16 जनवरी, 2024 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में इन पांच राज्यों में एक साथ चुनाव होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
9 राज्यों के विधानसभा चुनावों के अलावा, केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव इस साल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। सूत्रों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ठंड का असर कम होने के बाद 2023 की गर्मियों में विधानसभा चुनाव कराया जा सकता है।
आर्टिकल 370 के प्रावधानों के रद्द किए जाने के बाद जम्मू एवं कश्मीर की अंतिम मतदाता सूची पिछले साल 25 नवंबर को जारी होने के साथ चुनाव का रास्ता साफ हो गया था। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले इस साल के विधानसभा चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक एक्सपर्ट भी मानते हैं कि 2023 के होने वाले विधानसभा चुनाव 2024 लोकसभा चुनाव के सेमी फाइनल है।