Get App

पुलिस के साथ झड़प के बाद तेजस्वी यादव और तेजप्रताप समेत कई RJD नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज

विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि मंगलवार को विधानसभा में जो भी हुआ वह काफी शर्मनाक है

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 24, 2021 पर 3:17 PM
पुलिस के साथ झड़प के बाद तेजस्वी यादव और तेजप्रताप समेत कई RJD नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज

बिहार की राजधानी पटना में हिंसक प्रदर्शन करने के आरोप में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) और अन्य RJD कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR (First Information Report) दर्ज कर ली गई है। वहीं, दूसरी तरफ बिहार विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को सशस्त्र पुलिस बल विधेयक 2021 को लेकर उत्पन्न अभूतपूर्व स्थिति के बाद विपक्ष ने बुधवार को सदन का बहिष्कार कर दिया। कांग्रेस के विधायक आंखों पर काली पट्टी बांध कर विधानसभा पहुंचे।

विपक्ष के सदस्यों ने विधानमंडल परिसर में समानांतर सदन चलाया। बिहार विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को शुरू हुई, लेकिन विपक्ष ने हिस्सा नहीं लिया। कांग्रेस के विधायक आंखों में काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद RJD, कांग्रेस और वामपंथी दलों के सदस्यों ने विरोधस्वरूप खुले मैदान में सदन की कार्यवाही चलाई और धरने पर बैठे। लॉन में सामानांतर लगे सदन में भूदेव चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद मंगलवार की घटना को लेकर एक निंदा प्रस्ताव लाया गया।

इधर, विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि मंगलवार को विधानसभा में जो भी हुआ वह काफी शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि हम विपक्षी दल के हैं हमारा अधिकार विरोध करने का है। उन्होंने कहा कि जिस तरह विधायकों को घसीटकर सदन से बाहर निकाला गया, लात-घूसे मारे गए, वह शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि महिला सदस्यों को अपमानित किया गया।

पूर्व डिप्टी सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि सदन में मुझे बोलने तक नहीं दिया गया। जब विपक्ष को बाहर कर दिया गया तब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष से प्रश्न करने की बात कर रहे थे। तेजस्वी ने नीतीश कुमार को झूठा मुख्यमंत्री बताया। वहीं, विपक्ष के सदस्यों ने विधायकों से मारपीट करने वाले अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की।

बता दें कि मंगलवार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 (Bihar Special Armed Police Bill) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गया था। इसके बाद विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। सुरक्षाकर्मियों द्वारा विपक्ष के विधायकों को बाहर निकाल दिया गया। सोशल मीडिया इससे जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें सुरक्षाकर्मी कई विधायकों के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें