Kal Ka Mausam Kaisa Rahega: देशभर में कल यानी सोमवार को मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 23 नवंबर को दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका है। वहीं, उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक की आशंका है। दूसरी ओर बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
