पुलिसकर्मियों पर हमला करने और कांस्टेबल को कार की बोनट पर घसीटने के आरोप में AAP नेता गिरफ्तार, देखें वीडियो

AAP नेता को एक स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस द्वारा रिमांड नहीं मांगे जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया

अपडेटेड Apr 07, 2022 पर 11:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
AAP के युवा मोर्चा प्रदेश प्रमुख प्रवीण ने युवराज सिंह जडेजा की हरकत को सरकार की साजिश करार दिया है

गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता युवराज सिंह जडेजा को कथित तौर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने और एक कांस्टेबल को कार के बोनट पर घसीटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि जडेजा को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जडेजा आम आदमी पार्टी के यूथ विंग के नेता है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जडेजा को साबरमती जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी 5 अप्रैल 2022 (मंगलवार) को हुई।


महानिरीक्षक (गांधीनगर रेंज) अभय चुडासमा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि अन्य आरोपों के अलावा जडेजा पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 के तहत ‘हत्या के प्रयास’ के लिए मामला दर्ज किया गया, क्योंकि उनकी हरकत से कांस्टेबल की मौत हो सकती थी। इसके अलावा जडेजा पर IPC की धारा 332 (ऑन ड्यूटी स्टॉफ पर हमला करने) के तहत भी केस दर्ज किया गया है।

कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा

पुलिस उपाधीक्षक एम के राणा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता को एक स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने पुलिस द्वारा रिमांड नहीं मांगे जाने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस पर किया था हमला

चुडासमा के अनुसार, जडेजा मंगलवार शाम गांधीनगर पुलिस मुख्यालय में नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों (विद्या सहायकों के पद के लिए) को अपना समर्थन देने के लिए आए थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया था और मुख्यालय ले जाया गया था, क्योंकि उनके पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी।

उन्होंने बताया कि बहस के बाद जडेजा ने ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया एवं मौके पर और पुलिस के इकट्ठा होने के बाद अपनी कार की ओर भागे। इसके बाद वह अपनी कार में बैठ गए और मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान जब एक कांस्टेबल ने रूकने का इशारा किया तो उन्होंने अपनी कार नहीं रोकी।

AAP ने बताया साजिश

चुडासमा ने बताया कि तेज रफ्तार कार से खुद को बचाने के लिए कांस्टेबल लक्ष्मण वसावा बोनट पर कूद गए। इसके बाद जडेजा ने कुछ दूरी तय करने के बाद अपनी कार रोकी। न्यूज 18 गुजराती के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के युवा मोर्चा प्रदेश प्रमुख प्रवीण ने युवराज जडेजा की हरकत को सरकार की साजिश करार दिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।