Haryana Elections 2024: हरियाणा में BJP की लिस्ट आते ही बगावत शुरू, विधायक लक्ष्मण नापा और पूर्व मंत्री कंबोज समेत कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी

Haryana Elections 2024: बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर 67 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने इस बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को करनाल की बजाय लाडवा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने टिकट बंटवारे में अपने कई दिग्गज नेताओं का भी ख्याल रखा है

अपडेटेड Sep 05, 2024 पर 11:20 AM
Haryana Elections 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर पांच अक्टूबर को चुनाव होंगे

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की घोषणा के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के रतिया से विधायक लक्ष्मण दास नापा ने गुरुवार (5 सितंबर) को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। टिकट न मिलने से नाराज रतिया विधायक लक्ष्मण नापा ने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी द्वारा सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया विधानसभा सीट से मैदान में उतारने के तुरंत बाद उनका यह फैसला आया है।

इस्तीफे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा से उन्होंने मुलाकात की है। उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। लक्ष्मण नापा के अलावा हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांडी ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उम्मीदवारों की लिस्ट में आठ महिलाएं भी शामिल हैं। बीजेपी के 41 विधायकों में से आधे से अधिक को फिर से टिकट दिया गया है।

हरियाणा बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कर्णदेव कंबोज ने भी सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि कर्णदेव कंबोज इंद्री विधानसभा से टिकट चाहते थे। कर्णदेव कंबोज ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि मैं बीजेपी ओबीसी मोर्चा और सभी अन्य पदों से अपना त्यागपत्र देता हूं। भारतीय जनता पार्टी पंडित दीन दयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वाली बीजेपी नहीं रहीं।


अन्य नेताओं की बात करें तो दादरी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास उर्फ भल्ले ने बीजेपी से इस्तीफा दिया है। वहीं, सोनीपत से बीजेपी युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी अमित जैन ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया है। इसके अलावा हिसार से बीजेपी नेता दर्शन गिरी महाराज ने पार्टी से गुरुवार को इस्तीफा दे दिया।

बीजेपी की पहली लिस्ट जारी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए बुधवार (4 सितंबर) को 67 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। बीजेपी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा सीट से उम्मीदवार बनाने के साथ पार्टी में हाल ही में शामिल हुए कई लोगों को टिकट दिए हैं। हरियाणा बीजेपी के पूर्व प्रमुख एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को बादली से मैदान में उतारा गया है। जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज अपने गढ़ अंबाला कैंट से फिर से चुनाव लड़ेंगे।

कुछ दिन पहले जननायक जनता पार्टी (JJP) छोड़कर BJP में शामिल हुए देवेंद्र सिंह बबली, संजय कबलाना और श्रुति चौधरी क्रमश: टोहाना, बेरी और तोशाम सीट से चुनाव लड़ेंगे। श्रुति BJP की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी हैं। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह भी अटेली से चुनाव लड़ेंगी।

करनाल में बीजेपी ने वरिष्ठ नेता जगमोहन आनंद को मैदान में उतारा है। उन्हें केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई और सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को क्रमश: नारनौंद, आदमपुर और रतिया (एससी) सीट से मैदान में उतारा गया है।

हाल ही में बीजेपी में शामिल हुईं महापौर शक्ति रानी शर्मा कालका से चुनाव लड़ेंगी। जबकि विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता पंचकूला से फिर से चुनाव लड़ेंगे। असीम गोयल को बीजेपी ने अंबाला शहर विधानसभा सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया है। मंजू हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी, जहां कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मौजूदा विधायक हैं।

राज्य सरकार में मंत्री रंजीत सिंह चौटाला को सिरसा जिले की रानिया सीट से मैदान में नहीं उतारा गया है। उन्हें इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार बनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने उनकी जगह शीशपाल कंबोज को मैदान में उतार दिया है। रंजीत ने लोकसभा चुनाव से पहले रानिया से निर्दलीय विधायक के तौर पर जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव के समय उन्होंने इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। वह हिसार संसदीय सीट से चुनाव भी लड़े लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

हाल ही में पाला बदलने वाले जेजेपी के बागी राम कुमार गौतम को सफीदों से, जबकि रोहतक से पूर्व बीजेपी सांसद अरविंद शर्मा को गोहाना से चुनाव मैदान में उतारा गया है। चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए पूर्व जेल अधीक्षक सुनील सांगवान को चरखी दादरी से मैदान में उतारा गया है।

ये भी पढ़ें- PM Modi Singapore Visit: सिंगापुर पहुंचे पीएम मोदी ने जमकर बजाया ढोल, महिलाओं ने बांधी राखी, देखें वीडियो

हरियाणा में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी का लक्ष्य हैट्रिक लगाना है। लेकिन उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिल रही है। राज्य में विधानसभा चुनाव पांच अक्टूबर को होने हैं और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।