PM मोदी आज कर्नाटक में पहले देश के पहले AC रेलवे स्टेशन सहित 19 परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, कल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में भी लेंगे हिस्सा

PM मोदी आज भारत के पहले AC रेलवे स्टेशन- बैयप्पनहल्ली में सर एम विश्वेश्वरैया रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इस रेलवे स्टेशन को लगभग 315 करोड़ रुपये की कुल लागत से एक आधुनिक एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया गया है

अपडेटेड Jun 20, 2022 पर 12:07 PM
PM मोदी कल मैसूर में आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में भाग लेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार से कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह पहले AC रेलवे स्टेशन सहित 19 विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह कल मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ को योग दिवस के साथ जोड़ते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कहा कि 75 केंद्रीय मंत्रियों के नेतृत्व में देशभर में 75 महत्वपूर्ण स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पीएम मोदी मैसूर में आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में भाग लेंगे। PMO ने कहा कि योग कार्यक्रम विभिन्न शैक्षिक, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, कॉर्पोरेट और अन्य संगठनों द्वारा भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें देशभर के करोड़ों लोग शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें- नेशनल हेराल्ड केस में चौथे दिन पूछताछ के लिए ED दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी, जंतर मंतर पर सत्याग्रह करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता


पीएम मोदी का योग कार्यक्रम ‘गार्जियन योग रिंग’ का भी हिस्सा है, जो 79 देशों और संयुक्त राष्ट्र संगठनों के साथ-साथ विदेशों में भारतीय मिशनों की एक संयुक्त कवायद है।

PM मोदी का पूरा शेड्यूल

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि 2015 से, हर साल 21 जून को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष के योग दिवस का विषय 'मानवता के लिए योग' है। पीएमओ ने कहा कि पीएम मोदी सोमवार को ‘सेंटर फॉर ब्रेन रिसर्च’ न का उद्घाटन करेंगे। साथ ही बेंगलुरु में भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) में बागची-पार्थसारथी मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखेंगे।

वह बेंगलुरु में डॉ. बी. आर. आंबेडकर स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स (बेस) का भी दौरा करेंगे और विश्वविद्यालय के नए कैंपस का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी राष्ट्र को 150 ‘प्रौद्योगिकी हब’ समर्पित करेंगे और बाद में 27,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री मैसूर के महाराजा कॉलेज ग्राउंड में एक सार्वजनिक समारोह में शामिल होंगे, जहां वह नागनहल्ली रेलवे स्टेशन पर कोचिंग टर्मिनल की आधारशिला रखेंगे। साथ ही पीएम मोदी अखिल भारतीय वाक् श्रवण संस्थान (AIISH) में ‘संचार विकार वाले व्यक्तियों के लिए उत्कृष्टता केंद्र’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

मैसूर पैलेस मैदान में करेंगे योग

पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री सुत्तूर मठ और श्री चामुंडेश्वरी मंदिर भी जाएंगे। पीएम मोदी 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मंगलवार सुबह मैसूर पैलेस मैदान में सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पीएमओ ने कहा कि मोदी बेंगलुरु उपनगरीय रेल परियोजना (बीएसआरपी) की आधारशिला रखेंगे।

पीएम मोदी इस दौरान भारत के पहले AC रेलवे स्टेशन- बैयप्पनहल्ली में सर एम विश्वेश्वरैया रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इस रेलवे स्टेशन को लगभग 315 करोड़ रुपये की कुल लागत से एक आधुनिक एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।