कर्नाटक विधानसभा में भारी बवाल, कांग्रेस सरकार की 5 गारंटियों को लेकर BJP ने किया हंगामा

आवश्यक मात्रा में चावल की अनुपलब्धता के कारण सिद्धारमैया सरकार योजना के लिए 1 जुलाई की समय सीमा से चूक गई है। चावल प्राप्त होने तक प्रत्येक लाभार्थी के बैंक अकाउंट में 34 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से पैसा जमा करने का निर्णय लिया है। भारतीय खाद्य निगम ने पिछले महीने केंद्र सरकार के आदेश के कारण राज्यों को सीधे चावल बेचना बंद कर दिया था

अपडेटेड Jul 04, 2023 पर 12:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
राज्य विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विपक्षी नेताओं से हंगामा रोकने का अनुरोध किया

कर्नाटक विधानसभा (Karnataka Assembly) में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब विपक्षी पार्टी BJP ने चुनाव से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस द्वारा किए गए पांच चुनावी वादों के कार्यान्वयन में कथित देरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बीजेपी विधायकों ने सदन के वेल में आगर हंगामा किया और सत्र की कार्यवाही बाधित की। विधानसभा सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत ही हंगामेदार रही, क्योंकि बीजेपी ने दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित की। पांचों गारंटी के प्रभावी कार्यान्वयन की मांग को लेकर बीजेपी सदस्यों ने विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह हंगामा किया। बीजेपी सूत्रों के अनुसार, यह विरोध-प्रदर्शन 14 जुलाई तक जारी रहेगा जब विधानसभा का सत्र समाप्त होगा।

राज्य विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विपक्षी नेताओं से हंगामा रोकने का अनुरोध किया। सीएम ने कहा कि स्थगन प्रस्ताव पर हमेशा प्रश्नकाल के बाद ही चर्चा होती है। सीएम ने कहा, "प्रश्नकाल तक आप (BJP) जो भी प्रश्न उठाना चाहें, उठा सकते हैं। हमारी सरकार हर बात का जवाब देने को तैयार है। यह प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद ही होगा।''

बीजेपी के बड़े नेताओं ने किया प्रदर्शन


एक तरफ जहां बीजेपी विधायकों ने विधानसभा के अंदर प्रदर्शन किया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्रियों बीएस येदियुरप्पा, डीवी सदानंद गौड़ा और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने फ्रीडम पार्क में धरना दिया। भगवा पार्टी कांग्रेस पर निशाना साध रही है। खासकर 'अन्न भाग्य' योजना के कार्यान्वयन को लेकर, जो गरीबी रेखा से नीचे (BPL) रहने वाले परिवारों को 5 किलो अनाज प्रदान करती है।

बीएस येदियुरप्पा ने पत्रकारों से कहा, "बीजेपी आज विरोध कर रही है क्योंकि कांग्रेस ने कई वादे पूरे नहीं किए, हम सिर्फ यह चाहते हैं कि उन्होंने जो वादे किए हैं उन्हें वे पूरा करें... कुमारस्वामी जो भी कह रहे हैं वह सच है और मैं उनके बयान का समर्थन करता हूं। भविष्य में हम और कुमारस्वामी एक साथ लड़ेंगे।"

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि हमने जो भी वादा किया है हम उसे पूरा करेंगे। बीजेपी हमारे खिलाफ धरना कर रही है जबकि उन्हें पहले मोदी जी और केंद्र सरकार के खिलाफ धरना करना चाहिए क्योंकि उन्होंने FCI को चावल देने से रोका है लेकिन हमारी योजना का प्रचार-प्रसार करने के लिए मैं उनका आभारी हूं।

अभी लागू नहीं हो पाई है पांचों गारंटी

आवश्यक मात्रा में चावल की अनुपलब्धता के कारण सिद्धारमैया सरकार योजना के लिए 1 जुलाई की समय सीमा से चूक गई है। चावल प्राप्त होने तक प्रत्येक लाभार्थी के बैंक अकाउंट में 34 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से पैसा जमा करने का निर्णय लिया है। भारतीय खाद्य निगम ने पिछले महीने केंद्र सरकार के आदेश के कारण राज्यों को सीधे चावल बेचना बंद कर दिया था।

जबकि महिलाओं के लिए गैर-लक्जरी बसों में मुफ्त यात्रा की पेशकश करने वाली 'शक्ति' योजना पहले ही लॉन्च की जा चुकी है। APL/BPL राशन कार्ड धारक परिवारों की महिला मुखिया को 2,000 रुपये प्रति माह देने की 'गृह लक्ष्मी' योजना अगस्त में लागू होगी।

200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का वादा करने वाली 'गृह ज्योति' योजना का लाभ अगस्त से बिलों में दिखना शुरू हो जाएगा। इसी तरह, युवा निधि योजना के तहत बेरोजगार ग्रेजुएट को 3,000 रुपये प्रति माह और 2022-23 में डिप्लोमा धारकों को 1,500 रुपये देने की योजना जल्द ही शुरू की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।