कर्नाटक में दलित CM बनाएगी कांग्रेस? सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार के बाद ये दिग्गज नेता रेस में सबसे आगे

Karnataka elections Results: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलने के साथ ही अब सबका ध्यान इस बात पर आ गया है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस पार्टी ने 131 सीटें जीतकर निर्णायक बहुतम हासिल कर लिया था, जबकि 5 और सीटों पर वह आगे चल रही थी। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस के पास मुख्य रूप से 3 दावेदार है

अपडेटेड May 13, 2023 पर 7:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Karnataka Elections: मुख्यमंत्री पद के नाम पर आखिर फैसला विधायकों और आलाकमान की ओर से सर्वसम्मति से लिया जाएगा

Karnataka elections Results: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलने के साथ ही अब सबका ध्यान इस बात पर आ गया है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस पार्टी ने 131 सीटें जीतकर निर्णायक बहुतम हासिल कर लिया था, जबकि 5 और सीटों पर वह आगे चल रही थी। चूंकि कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस के पास कई दावेदार है। ऐसे में पार्टी के लिए अगला सीएम थोड़ा मुश्किल हो सकता है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी ने आज शाम विधायकों की एक बैठक बुलाई है। बैठक में एक प्रस्ताव पेश किए जाने की संभावना है, जिसके तहत मुख्यमंत्री पद के नाम पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया जाएगा।

लगभग सभी रिपोर्ट में कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री पद का शीर्ष दावेदार बताया जा रहा है। हालांकि इसके अलावा राज्य के एक और दिग्गज कांग्रेसी नेता जी परमेश्वर भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में गिने जा रहे हैं। जी परमेश्वर दलित समाज से आते हैं। ऐसे में कुछ राजनीतिक विश्लेषक यह भी संभावना जता रहे हैं कांग्रेस पार्टी 2024 लोकसभा चुनावों से पहले दलित वोटों को अपने पक्ष में साधने के लिए एक दलित मुख्यमंत्री का कार्ड खेल सकती है।

हालांकि कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं का यही कहना है कि मुख्यमंत्री पद के नाम पर आखिर फैसला विधायकों और आलाकमान की ओर से सर्वसम्मति से लिया जाएगा। आइए सीएम पद के तीनों प्रमुख उम्मीदवारों पर एक नजर डालते हैं-


सिद्धारमैया

इस बात में कोई शक नहीं है कि कर्नाटक में हाल के दिनों में मुख्य रूप से दो ही जननेता रहे हैं। एक बीएस येदियुरप्पा और दूसरे सिद्धारमैया। चुनाव से पहले येदियुरप्पा के राजनीति संन्यास लेने के बाद अब सिद्धारमैया को राज्य के सबसे बड़े नेता के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही लगभग हर एग्जिट पोल में उन्हें मुख्यमंत्री पद के शीर्ष उम्मीदवार के रूप में दिखाया गया है।

75 वर्षीय सिद्धारमैया कुरुबा समुदाय से आते हैं और वह अहिंदा (AHINDA) वोटबैंक के निर्विवाद नेता भी हैं। यह अंहिदा का मतलब अल्पसंख्यक, हिंदूलिदावारू या पिछड़ा वर्ग और दलितारू या दलित वर्ग है। इन तीनों समुदायों में सिद्धारमैया की काफी स्वीकार्यता है, जो उन्हें पूरे राज्य में लोकप्रिय बनाता है। अधिक उम्र के बावजूद उन्हें आज भी लोगों की ओर से सीएम पद के लिए सबसे पसंदीदा व्यक्ति के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढें- कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर किसने क्या कहा? पढ़ें- पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी तक का बयान

डीके शिवकुमार

2019 के लोकसभा चुनावों में कर्नाटक की अधिकतर सीटें हारने के बाद कांग्रेस ने साल 2022 में डीके शिवकुमार को अपना प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को राज्य की 28 में से सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी और उसे भी डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश ने जीता था।

डीके शिवकुमार को इस दौरान केंद्रीय एजेंसियों की ओर से छापे और गिरफ्तारी का भी सामना करना पड़ा। हालांकि वह कांग्रेस पार्टी के प्रति वफादर बने रहे और उन्होंने पार्टी के बाकी नेताओं का भी सम्मान हासिल किया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के कर्नाटक से गुजरने के दौरान इसकी जिम्मेदारी डीके शिवकुमार ने ली थी और यह पूरे यात्रा का सबसे अच्छा संगठित और सफल हिस्सा था। इसकी वजह से भी डीके शिवकुमार कांग्रेस आलाकमान के नजरों में उभरे हैं।

जी परमेश्वर

पांच बार के विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर ने खुद अपना नाम मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की लिस्ट में शामिल होने की बात स्वीकार थी। दलित समुदाय से आने वाले जी परमेश्वर, इससे पहले राज्य की काग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे थे। वह 8 साल तक कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं, जो किसी भी नेता का इस पद पर सबसे लंबा कार्यकाल है। जी परमेश्वर ने एडिलेड यूनिवर्सिटी के वेट एग्रीकल्चर रिसर्च सेंटर से प्लांट फिजियोलॉजी में पीएचडी की हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।