भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता किरीट सोमैया (Kirit Somaiya) की कार पर शनिवार रात हमला हो गया। सोमैया ने दावा किया है कि उनकी कार पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने हमला किया है। बीजेपी नेता ने कहा कि उनकी कार पर यह हमला नवनीत राणा और रवि राणा से मुलाकात के वक्त खार थाने पर हुआ।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया जब शनिवार रात मुंबई में खार पुलिस थाने से लौट रहे थे, तब उनकी कार पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जूते और पानी की बोतलें फेंकीं। सोमैया निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा से मिलने पुलिस थाने गए थे।
बीजेपी नेता ने ट्वीट कर जानकारी दी कि शिवसेना के गुंडों ने उन पर हमले किए जिसमें वह घायल हो गए हैं। सोमैया ने इस घटना के बाबत बांद्रा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सोमैया के कार की तस्वीर भी सामने आई है। हमले में कार की बीच वाली खिड़की टूट गई है। बीजेपी ने दावा किया है कि कार पर हुए हमले में उनको चोट भी लगी है।
किरीट सोमैया ने रविवार को कहा कि मैंने केंद्र में गृह सचिव को हमले की जानकारी दी है, उन्होंने हमले की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि एक प्रतिनिधि प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा और वहां के अधिकारियों से मुलाकात करेगा। बीजेपी नेता ने कहा कि जिस तरह से हमारी आवाज दबाई जा रही है। सोमैया ने कहा कि लगता है कि उद्धव ठाकरे मनसुख हिरेन (एंटीलिया केस) के साथ जो किया गया था, उसकी तर्ज पर कुछ करने की साजिश रच रहे हैं। मेरे खिलाफ दर्ज FIR फर्जी है।
वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि किरीट सौमेया अपने ऊपर होने वाले हमले के बारे में भी पुलिस को बताया लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। हम केंद्र सरकार को इस पर कुछ एक्शन लेने के लिए कहेंगे। हनुमान चालीसा महाराष्ट्र में नहीं बोली जाएगी तो क्या पाकिस्तान में बोली जाएगी?
शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि किरीट सोमैया INS विक्रांत मामले में आरोपी हैं। उन्होंने देश और जनता को गुमराह किया है। अगर जनता ने ऐसे लोगों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है तो बीजेपी को इससे दुख नहीं होना चाहिए। ऐसे लोगों को महाराष्ट्र की जनता माफ नहीं करेगी।
दरअसल, किरीट सोमैया हनुमान चालिसा विवाद मामले में पुलिस की तरफ से गिरफ्तार सांसद नवनीत राणा और रवि राणा से मुलाकात करने के लिए खार थाने पहुंचे हुए थे। बीजेपी नेता का दावा है कि थाने से बाहर निकलते समय ही उनकी कार पर शिवसेना के 100 गुंडो ने हमला बोल दिया, जिसमें उनको चोट भी पहुंची है।