Maharashtra Crisis: 'हमने पीठ में छुरा नहीं घोंपा', बागी विधायक बोले- उद्धव का अपमान करने का नहीं था इरादा

Maharashtra Crisis: बागी विधायक दीपक केसरकर ने कहा कि संजय राउत ने हम पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया। लेकिन यह सच नहीं है। हम पीठ में छुरा घोंपने वाले नहीं हैं। बालासाहेब ठाकरे ने बीजेपी के साथ गठबंधन किया और हम भी यही चाहते हैं

अपडेटेड Jun 30, 2022 पर 2:32 PM
शिंदे खेमे के प्रवक्ता और विधायक दीपक केसरकर ने गोवा में मीडिया को संबोधित किया

Maharashtra Crisis: शिवसेना (Shiv Sena) के बागी एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के खेमे ने गुरुवार को कहा कि उनका इरादा उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) का अपमान करना बिल्कुल भी नहीं था। सभी विधायक अभी पार्टी का ही हिस्सा हैं। शिंदे खेमे के प्रवक्ता और विधायक दीपक केसरकर (Deepak Kesarkar) ने गोवा (Goa) में मीडिया को संबोधित किया। महा विकास अघाड़ी सरकार (MVA Government) को गिराने में कामयाब रहे, बागी विधायक अब यहां ठहरे हुए हैं। सरकार गठन पर आखिरी चर्चा के लिए बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) से मिलने के लिए सिर्फ एकनाथ शिंदे मुंबई गए हैं।

केसरकर ने गुरुवार को कहा, "संजय राउत ने हम पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया। लेकिन यह सच नहीं है। हम पीठ में छुरा घोंपने वाले नहीं हैं। बालासाहेब ठाकरे ने बीजेपी के साथ गठबंधन किया और हम भी यही चाहते हैं।" बुधवार रात उद्धव ठाकरे ने फेसबुक लाइव के जरिए अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।

बागी विधायक ने कहा, "हम ठाकरे परिवार के खिलाफ नहीं हैं.. हम उद्धव जी से बात करने के लिए तैयार हैं। अगर वह महा विकास अघाड़ी के साथ गठबंधन तोड़ते हैं, लेकिन वह अभी भी उनके साथ हैं। हम ठाकरे के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट नहीं गए हैं।" एकनाथ शिंदे खेमे के प्रवक्ता ने कहा, "हमारे मन में अभी भी ठाकरे जी का सम्मान है।"


'उद्धव के इस्तीफ पर हमने नहीं मनाया जश्न'

केसरकर ने कहा कि कुछ लोगों ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे के इस्तीफा देने के बाद बागी विधायक जश्न मना रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं था। बागी नेता ने कहा, "हम जश्न नहीं मना रहे थे, क्योंकि हम उद्धव ठाकरे को चोट नहीं पहुंचाना चाहते थे।"

राज्यसभा चुनाव के बारे में बात करते हुए, केसरकर ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने एक शिव सैनिक को राज्यसभा भेजने का वादा किया था, लेकिन सहयोगियों ने शिवसेना को धोखा दिया। केसरकर ने कहा, "उद्धव ठाकरे को तब और वहीं कार्रवाई करनी चाहिए थी।"

सरकार बनाने पर केसरकर ने कहा, "एकनाथ शिंदे मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि जो भी फैसला होगा, वह राज्य के विकास के लिए होगा। हमने किसी की पीठ में छुरा नहीं घोंपा है। संजय राउत के ऐसे बयान सिर्फ लोगों में नाराजगी फैलाने के लिए हैं।"

Maharashtra Political Crisis: उद्धव का इस्तीफा, शिंदे की वापसी, नई सरकार की कवायद तेज, जानिए महाराष्ट्र में आगे क्या होगा

शिवसेना के बागी विधायक दीपक केसरकर कहते हैं, "अगर कल शपथ ग्रहण समारोह होगा, तो हम कल (मुंबई) जाएंगे।" उन्होंने आगे कहा, "महाराष्ट्र बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस शपथ ग्रहण की तारीख तय करेंगे। उन्हें वह तारीख देना राज्यपाल का विशेषाधिकार है। हमारी बातचीत शुरू हो चुकी है और हम सरकार बनाएंगे।"

मुख्यमंत्री के रूप में अपने विदाई भाषण में, उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को उस गठबंधन के साथ भरोसा करने के लिए धन्यवाद दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।