Maharashtra Crisis: शिवसेना (Shiv Sena) के बागी विधायक एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने आज घोषणा की कि वह जल्द ही मुंबई लौटेंगे और "बालासाहेब ठाकरे की विरासत को आगे ले जाएंगे।" उन्होंने गुवाहाटी के एक होटल के बाहर मीडिया से बात की, जहां शिंदे और दूसरे विद्रोही एक हफ्ते से डेरा डाले हुए हैं। पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने यह भी कहा कि उनके पास 50 विधायकों का समर्थन है।
शिंदे ने शिवसेना के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि उनके समूह के 20 विधायक उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के नेतृत्व वाली पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने शिवसेना से अपने समूह के उन विधायकों के नामों का खुलासा करने को कहा, जो कथित तौर पर उद्धव के संपर्क में हैं।
दरअसल शिवसेना के वरिष्ठ नेता दावा करते रहे हैं कि पार्टी के करीब 20 विधायक, जो अब गुवाहाटी में शिंदे के साथ हैं। वे उद्धव खेमे के संपर्क में हैं और महाराष्ट्र लौटना चाहते हैं।
शिंदे ने कहा, "ये सभी विधायक यहां अकेले और हिंदुत्व को आगे बढ़ाने के लिए आए हैं।" ANI के मुताबिक, शिंदे ने कहा, "हम शिवसेना में हैं। हम शिवसेना को आगे ले जा रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।"
विधायकों के नाम का खुलासा करें- एकनाथ शिंदे
उन्होंने कहा, "यहां किसी विधायक पर कोई दबाव नहीं है। यहां सब खुश हैं। विधायक हमारे साथ हैं। अगर शिवसेना कहती है कि यहां मौजूद विधायक उनके संपर्क में हैं, तो उन्हें नामों का खुलासा करना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "50 विधायक हमारे समर्थन में हैं। हम आपको अपनी आगे की कार्रवाई के बारे में बताएंगे।" शिंदे ने विधायक दीपक केसरकर को अपने गुट का प्रवक्ता बताते हुए कहा, "हमारे प्रवक्ता दीपक केसरकर हैं। वह आपको सारी जानकारी देंगे। वह आपको हमारे स्टैंड और भूमिका के बारे में बता रहे हैं। हम बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व के बारे में बात कर रहे हैं और हम इसे आगे बढ़ा रहे हैं।"
इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस दिल्ली पहुंचे गए हैं। ऑनलाइन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिंदे और फडणवीस आज दिल्ली में मुलाकात भी कर सकते हैं। शिंदे के भी दिल्ली आने की खबर है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर शिंदे ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है।
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक अब शाम 5 बजे होगी। सोमवार को विद्रोहियों को अयोग्य घोषित करने के नोटिस का जवाब देने के लिए 12 जुलाई तक का समय दिया गया था।
NDTV के मुताबिक, शिंदे ने कथित तौर पर महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की संभावना पर चर्चा करने के लिए वकीलों से सलाह भी ली। सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इस हफ्ते बहुमत साबित करने के लिए कह सकते हैं।