Maharashtra New CM: एकनाथ शिंदे के सिर पर सजेगा मुख्यमंत्री का ताज, देवेंद्र फडणवीस सरकार से रहेंगे बाहर

Maharashtra New CM: देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शिंदे के साथ एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे। उनका शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 7.30 बजे होगा

अपडेटेड Jun 30, 2022 पर 6:12 PM
एकनाथ शिंदे के सिर पर सजेगा मुख्यमंत्री का ताज

Maharashtra New CM: शिवसेना (Shiv Sena) के बागी नेता एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने गुरुवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। साथ ही दोनों नेताओं ने महाराष्ट्र में सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके साथ ही ये भी साफ हो गया कि देवेंद्र फडणवीस नहीं बल्कि शिवसेना के बागी एकनाथ शिंदे राज्य के अगले मुख्यमंत्री (Eknath Shinde CM) होंगे।

सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने शिंदे के साथ एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की, "एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे और उनका शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 7.30 बजे होगा।"

यहां सबसे अहम बात ये भी है कि इस बार देवेंद्र फडणवीस इस सरकार में कोई पद नहीं लेंगे और बीजेपी-शिवसेना गठबंधन सरकार से बाहर रहेंगे।


बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "आज शपथ ग्रहण समारोह के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और शिवसेना और BJP के नेता शपथ लेंगे। मैं सरकार से बाहर रहूंगा।"

फडणवीस ने कहा, "2019 में BJP और शिवसेना साथ में चुनाव लड़ी। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमें पूर्ण बहुमत मिला। पीएम ने चुनाव के दौरान BJP के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की और वो नाम सबको मंजूर भी था।"

नजरअंदाज किए जाने पर विधायकों ने तेज की आवाज: फडणवीस

उन्होंने आगे कहा, "लेकिन चुनाव के बाद शिवसेना के नेताओं ने निर्णय किया कि बालासाहेब ठाकरे जी ने जिन विचारों का जीवन भर विरोध किया, ऐसे लोगों के साथ उन्होंने गठबंधन किया।"

फडणवीस बोले, "इसके बाद हमने ढाई साल में एक सरकार देखी, जिसमें न कोई तत्व, न कोई विचार और न गति थी। वो लोग चालू इंफ्रास्ट्रक्चर को बंद कर रहे थे। वो लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त थे।"

बीजेपी नेता ने आगे कहा, "शिवसेना विधायक मांग कर रहे थे कि कांग्रेस और NCP से गठबंधन खत्म कर दिया जाए, लेकिन उद्धव ठाकरे ने इन विधायकों को नजरअंदाज कर MVA गठबंधन के सहयोगियों को प्राथमिकता दी। इसलिए इन विधायकों ने अपनी आवाज तेज कर दी।"

BJP का धन्यवाद, उद्धव से नाराजगी

मुख्यमंत्री के लिए अपने नाम की घोषणा के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा, "हमने जो निर्णय लिया है, वह बालासाहेब के हिंदुत्व और हमारे विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे साथ 50 विधायक हैं।"

उन्होंने कहा, "BJP के पास 120 विधायक हैं, लेकिन उसके बावजूद देवेंद्र फडणवीस ने सीएम का पद नहीं लिया। मैं पीएम मोदी, अमित शाह और दूसपे बीजेपी नेताओं के साथ उनका आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने उदारता दिखाई और बालासाहेब के सैनिक (पार्टी कार्यकर्ता) को राज्य का सीएम बनाया।"

शिंदे ने कहा, "हम अपने निर्वाचन क्षेत्र की शिकायतों और विकास कार्यों के साथ पूर्व सीएम ठाकरे के पास गए और उन्हें सुधार की जरूरत पर सलाह दी, क्योंकि हमें यह एहसास होने लगा कि हमारे लिए अगला चुनाव जीतना मुश्किल होगा। हमने बीजेपी के साथ स्वाभाविक गठबंधन की मांग भी की।"

Maharashtra Crisis: 'हमने पीठ में छुरा नहीं घोंपा', बागी विधायक बोले- उद्धव का अपमान करने का नहीं था इरादा

एकनाथ शिंदे ने आगे कहा, "शिवसेना के 40 विधायकों समेत कुल 50 विधायक हमारे साथ हैं। हमने उनकी मदद से अब तक यह लड़ाई लड़ी है। इन 50 लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उसे एक खरोंच भी नहीं आने दूंगा। उस भरोसे को टूटने नहीं दूंगा।"

दरअसल सबसे ज्यादा विधायक होने के नाते अब तक यही कयास लगाए जा रहे थे कि नई सरकार की कमान देवेंद्र फडणवीस के हाथों में जाएगी। साथ ही शिवसेना से बगावत करने वाले एकनाथ शिंदे उनके डिप्टी का पद संभालेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।