National Herald Case: कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से ED कर रही है पूछताछ, जयराम रमेश ने दी जानकारी

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे राजधानी दिल्ली के आईटीओ के पास बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित ‘हेराल्ड हाउस’ में दोपहर करीब 12:40 बजे पहुंचे और ईडी के अधिकारियों से मिले

अपडेटेड Aug 04, 2022 पर 7:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मुख्य विपक्षी दल ने दावा किया कि यह संसद और नेता प्रतिपक्ष का अपमान है

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने गुरुवार को एक ट्वीट में कहा कि नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) से प्रवर्तन निदेशालय (ED) साढ़े चार घंटे से पूछताछ कर रही है। ईडी ने गुरुवार को मल्लिकार्जुन खड़गे को नेशनल हेराल्ड से जुड़े एक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पेश होने के लिए कहा था।

कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा मल्लिकार्जुन खड़गे को संसद सत्र के दौरान समन किया जाना दिखाता है कि ‘मोदीशाही’ का स्तर हर दिन नीचे गिरता जा रहा है। मुख्य विपक्षी दल ने यह दावा भी किया कि यह न सिर्फ संसद और नेता प्रतिपक्ष का अपमान है, बल्कि संविधान और संपूर्ण विधायिका का भी अपमान है।

ये भी पढ़ें- AzaadiSAT: इसरो 7 अगस्त को लॉन्च करेगा स्पेशल सैटेलाइट 'आजादीसैट', 750 छात्राओं ने किया है तैयार, जानें खास बातें


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में लिखा, 'राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से ED पिछले साढ़े चार घंटे से पूछताछ कर रही है। उनकी अग्निपरीक्षा जारी है। पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ उनके साथ खड़ी है।”

उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, "जब संसद का सत्र चल रहा है तब ED ने राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को समन भेजा। वे दोपहर लगभग 12:20 संसद से निकले और ED के समक्ष पेश हुए। मोदीशाही का स्तर हर दिन नीचे गिरता जा रहा है।"

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से कहा कि ईडी और जांच एजेंसी द्वारा नेता प्रतिपक्ष को संसद सत्र के दौरान बुलाया जाए, इसका कोई उदाहरण लोकतंत्र के इतिहास में नजर नहीं आता। अगर खड़गे को बुलाना ही था सुबह 11 बजे के पहले बुला लेते या शाम 5 बजे के बाद बुला लेते।

सिंह ने कहा कि सदन चल रहा है तो खड़गे को ईडी बयान देने के लिए बुला रहा है। लोकतंत्र का इससे बड़ा मजाक न हमने देखा है, न सुना है। आखिर मोदी जी इतने डरते क्यों हैं? उन्होंने कहा, ‘‘महंगाई बढ़ी है...हम लोग अपनी लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं। हम जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं।’’

कल राष्ट्रव्यापी मार्च करेंगे कांग्रेस नेता

कांग्रेस नेता ने कहा कि कल हमारे सांसद राष्ट्रपति जी को कहेंगे कि वित्त मंत्री जी देश की वास्तविक परिस्थिति से परिचित नहीं हैं, इसलिए हम लोग कल राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। आपको बता दें कि कांग्रेस ने शुक्रवार को महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ राष्ट्रव्यापी मार्च का आह्वान कर रखा है।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे राजधानी दिल्ली के आईटीओ के पास बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित ‘हेराल्ड हाउस’ में दोपहर करीब 12:40 बजे पहुंचे और ईडी के अधिकारियों से मिले। ईडी ने उनके खिलाफ समन जारी किया था, क्योंकि जांच एजेंसी चाहती थी कि यंग इंडियन के कार्यालय पर छापेमारी के दौरान कंपनी के प्रमुख अधिकारी के तौर पर खड़गे मौजूद रहें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।