Get App

PM मोदी बोले- अगर हमने कहा होता सारे हिंदू एक हो जाओ तो चुनाव आयोग भेज देता 8-10 नोटिस

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अपील कर ममता बनर्जी ने सेल्फ गोल कर लिया है और साथ ही यह स्वीकार कर लिया कि वह चुनाव हार चुकी हैं

MoneyControl Newsअपडेटेड Apr 07, 2021 पर 10:45 AM
PM मोदी बोले- अगर हमने कहा होता सारे हिंदू एक हो जाओ तो चुनाव आयोग भेज देता 8-10 नोटिस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पर करारा हमला बोला। पीएम मोदी ने दावा किया कि वोटों का बिखराव ना हो इसके लिए मुसलमानों के एकजुट हो जाने की ममता की अपील स्पष्ट करती है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Elections 2021) का जंग हार गई है।

कूचबिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने हाल ही में ममता बनर्जी के मुस्लिम वोट बैंक पर दिए गए बयान पर दावा किया कि यदि उन्होंने इसी प्रकार यदि सभी हिंदुओं को एकजुट हो जाने और BJP को वोट देने की अपील की होती तो उन्हें इलेक्शन कमिशन का आठ-दस नोटिस मिल गया होता और देश भर के अखबारों में उनके खिलाफ संपादकीय छप जाते।

पीएम मोदी ने बदली रणनीति

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अपील कर ममता बनर्जी ने सेल्फ गोल कर लिया है और साथ ही यह स्वीकार कर लिया कि वह चुनाव हार चुकी हैं। पश्चिम बंगाल में अपनी हर चुनावी रैली में ममता बनर्जी को दीदी ओ दीदी कहकर संबोधित करने वाले प्रधानमंत्री ने यहां रणनीति बदलते हुए अपने संबोधन में उन्हें आदरणीय दीदी, ओ दीदी कहकर संबोधित किया।

मुस्लिम वोटबैंक भी दीदी के हाथ से निकल गया

बता दें कि तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री द्वारा दीदी ओ दीदी कहने पर आपत्ति जताई थी और इसे महिलाओं का अपमान करार दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि आदरणीय दीदी, अभी हाल ही में आपने कहा कि सभी मुसलमान एक हो जाओ, वोट बंटने मत दो। आप ये कह रही हैं इसका मतलब है कि आपको यकीन हो गया है कि जिस मुस्लिम वोटबैंक को आप अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती थी वह भी आपके हाथ से निकल गया है। मुस्लिम भी आपसे दूर हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि आपको सार्वजनिक तौर पर ऐसा कहना पड़ रहा है इसी से पता चलता है कि आप यह जंग हार गई हैं। पीएम ने आगे कहा कि लेकिन हमने ये कहा होता कि सारें हिंदु एकजुट हो जाओ और BJP को वोट दो तो हमें निर्वाचन आयोग के 8-10 नोटिस मिल गए होते। सारे देश के संपादकीय हमारे खिलाफ हो गए होते।

भगवान वाले बयान पर भी कसा तंज

प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी के उस बयान पर भी तंज कसा जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी कोई भगवान है जो कह रहे हैं विधानसभा चुनाव में जीत के बाद BJP की सरकार बनेगी। पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव में कौन हार रहा है और कौन जीत रहा है, यह पता करने के लिए भगवान को कष्ट देने की जरूरत नहीं है। यह जो जनता जनार्दन जो भगवान का रूप होती है, का चेहरा देखकर पता चलता है।

उन्होंने कहा कि आपका गुस्सा, आपकी नाराजगी, आपके व्यवहार को देखकर एक बच्चा भी बता सकता है कि दीदी, TMC गई। आप चुनाव हार चुकी हैं। जिस दिन नंदीग्राम में मतदान चल रहा था, वहां के मतदान केंद्र में जो खेला किया आपने, उसी दिन पूरे देश ने मान लिया था कि आप हार गई हैं इसके लिए भगवान को पूछने की जरूरत नहीं है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें