Man Ki Baat Updates: पीएम मोदी ने कहा – ओमीक्रोन से सावधान रहना होगा, इस पर वैज्ञानिक कर रहे हैं स्टडी

Man Ki Baat Live Updates: पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना का नया वेरिएंट आ चुका है। इस पर हमारे देश के वैज्ञानिक स्टडी कर रहे हैं

अपडेटेड Dec 26, 2021 पर 3:36 PM
Story continues below Advertisement
मन की बात के जरिए पीएम मोदी का संबोधन (फाइल तस्वीर)

Man Ki Baat Live Updates: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए कहा कि ये जनशक्ति की ताकत है कि भारत 100 साल में आई सबसे बड़ी महामारी से लड़ सका, हम हर मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ परिवार की तरह खड़े रहे।

आज विश्व में वैक्सीनेशन के आकड़ों की तुलना भारत से करें तो लगता है कि देश ने कितना बेहतर काम किया है। उन्होंने कहा कि नए साल को बेहतर बनाने का संकल्प लें। कोरोना का नया वेरिएंट आ चुका है। इसका अध्ययन हमारे वैज्ञानिक कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना का एक नया वेरिएंट दस्तक दे चुका हैं। स्वयं की सजगता और अनुशासन कोरोना के इस वेरिएंट के खिलाफ बहुत बड़ी शक्ति है। हमारी सामूहिक शक्ति ही कोरोना को परास्त करेगी। इसी लक्ष्य के साथ हम सबको साल 2022 में प्रवेश करना है।


पीएम मोदी ने कहा कि वरुण सिंह उस हेलीकॉप्टर को उड़ा रहे थे जो इस महीने तमिलनाडु में हादसे का शिकार हो गया। इस साल अगस्त में ही उन्हें शौर्य चक्र दिया गया था। इस सम्मान के बाद उन्होंने अपने स्कूल के प्रिंसिपल को एक चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी को पढ़कर मेरे मन में पहला विचार आया कि सफलता के टॉप पर पहुंच कर भी वो जड़ों को सींचना नहीं भूले। दूसरा कि जब उनके पास जश्न मनाने का समय था तो उन्होंने आने वाली पीढ़ियों की चिंता व्यक्त की।

आजादी का अमृत महोत्सव

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव हमें आजादी की जंग की स्मृतियों को जीने का अवसर देता है, उसको अनुभव करने का अवसर देता है। ये देश के लिए नए संकल्प लेने, कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति दिखाने का प्रेरक उत्सव है।

छात्रों से परीक्षा पर चर्चा करने का कर रहा हूं विचार

पीएम मोदी ने कहा कि इस साल भी परीक्षाओं से पहले मैं छात्रों के साथ चर्चा की प्लानिंग कर रहा हूं। इस कार्यक्रम के लिए दो दिन बाद 28 दिसंबर से माय गोव डॉट इन पर रजिस्ट्रेशन भी शुरू होने जा रहा है। ये रजिस्ट्रेशन 28 दिसंबर से 20 जनवरी तक चलेगा। इसके लिए क्लास 9 से 12 तक के लिए स्टूडेंट्स, टीचर्स, और पैरेंट्स के लिए ऑनलाइन कंपीटिशन भी आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि आप सब इसमें जरूर हिस्सा लें।

अरुणाचल प्रदेश एयरगन सरेंडर अभियान

पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लोगों ने साल भर से एक अनूठा अभियान चला रखा है और उसे 'अरुणाचल प्रदेश एयरगन सरेंडर अभियान' नाम दिया है। इस अभियान में लोग खुद से अपनी एयरगन सरेंडर कर रहे हैं, ताकि अरुणाचल प्रदेश में पक्षियों का अंधाधुंध शिकार रुक सके। राज्य में पक्षियों की 500 से अधिक प्रजातियों का घर है। इनमें कुछ ऐसी देसी प्रजातियां भी शामिल हैं जो दुनिया में कहीं और नहीं पाई जाती हैं। अरुणाचल प्रदेश के लोग अपनी मर्जी से अब तक 1600 से ज्यादा एयरगन सरेंडर कर चुके हैं।

पीएम मोदी की खास अपील

1857 के पहले स्वतंत्रता संग्राम की गवाही, लखनऊ के की दीवारों पर आज भी नजर आती है। रेजिडेंसी में हुए ड्रोन शो में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अलग-अलग पहलुओं को जीवंत बनाया गया। चाहे ‘चौरी चौरा आन्दोलन’ हो, ‘काकोरी ट्रेन’ की घटना हो या फिर नेताजी सुभाष का अदम्य साहस और पराक्रम, इस ड्रोन शो ने सबका दिल जीत लिया। आप भी इसी तरह अपने शहरों के, गांवों के, आजादी के आन्दोलन से जुड़े अनूठे पहलुओं को लोगों के सामने ला सकते हैं। इसमें टेक्‍नोलॉजी की भी खूब मदद ले सकते हैं।

किताबें पढ़ने के लिए किया प्रेरित

पीएम मोदी ने कहा, 'किताबें सिर्फ ज्ञान ही नहीं देतीं बल्कि व्यक्तित्व भी संवारती हैं, जीवन को भी गढ़ती हैं। किताबें पढ़ने का शौक एक अद्भुत संतोष देता है। आजकल मैं देखता हूं कि लोग ये बहुत गर्व से बताते हैं कि इस साल मैंने इतनी किताबें पढ़ीं। अब आगे मुझे ये किताबें और पढ़नी हैं। ये एक अच्छा ट्रेंड है, जिसे और बढ़ाना चाहिए। मैं भी ‘मन की बात’ के श्रोताओ से कहूंगा कि आप इस साल अपनी उन पांच किताबों के बारे में बताएं, जो आपकी पसंदीदा रही हैं। इस तरह से आप 2022 में दूसरे पाठकों को अच्छी किताबें चुनने में भी मदद कर सकेंगे।

प्राचीन भारत की कला का जिक्र

मन की बात कार्यक्रम के जरिए पीएम मोदी ने कहा कि मुझे गोवा के सागर मुले जी के प्रयासों के बारे में भी जानने को मिला है, जो सैकड़ों साल पुरानी ‘कावी’ चित्रकला को लुप्त होने से बचाने में जुटे हैं। ‘कावी’ चित्रकला भारत के प्राचीन इतिहास को अपने आप में समेटे है! दरअसल, ‘काव’ का अर्थ होता है लाल मिट्टी | प्राचीन काल में इस कला में लाल मिट्टी का प्रयोग किया जाता था।

पीएम मोदी (PM Narendra Modi) आज अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (PM Modi Man Ki Baat) के जरिए देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं। मन की बात का आज का ये एपिसोड इस साल 2021 का आखिरी एपिसोड है। बता दें कि हर महीने के आखिरी रविवार की सुबह 11 बजे से आकाशवाणी और डीडी चैनलों के जरिए पीएम के मन की बात का कार्यक्रम प्रसारित होता है और आज इस ‘मन की बात’ कार्यक्रम का यह 84वां एपिसोड है।

वैसे शनिवार को अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में पीएम ने कोरोना के बढ़ते के खतरे से लोगों को चिंता नहीं करने की अपील करते हुए गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी और साथ ही बच्चों के टीकाकरण, बूस्टर डोज के बारे में भी जानकारी दी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।