केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने मंगलवार को त्रिपुरा में बीजेपी सरकार के 4 साल पूरे होने पर एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर त्रिपुरा सरकार की कई महिला-केंद्रित योजनाओं को ऐलान किया। इनमें नौकरियों में महिला आरक्षण, महिलाओं में उद्ममिता को बढ़ावा देने के लिए और महिला सशक्तिकरण के लिए योजनाएं शामिल हैं।
अमित शाह ने कहा, "आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। इस मौके पर आज हमारी त्रिपुरा सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए नई कार्ययोजना घोषित कर रही है। राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि सभी नौकरियों में महिलाओं को 33% आरक्षण मिलेगा।"
गृह मंत्री ने आगे कहा, "उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश को लेकर भी महिलाओं को आरक्षण मिलेगा। साथ ही राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में प्रवेश पाने वाली बच्चियों को अगर लोन लेना पड़ता है, तो उन्हें भारत सरकार ब्याज पर 3% की छूट देगी।"
अमित शाह ने कहा कि त्रिपुरा की महिलाओं में उद्ममशीलता को बढ़ावा देने के लिए वेंचर कैपिटल फंड का 50 फीसदी हिस्सा आरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री विप्लब कुमार देव ने महिला कल्याण के लिए ये जो कदम उठाए हैं, उससे त्रिपुरा में सभी को लाभ मिलेगा। विप्लब कुमार देव की सरकार महिलाओं व चाय बागान श्रमिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कटिबद्ध है।"
नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) का शिलान्यास किया
इस दौरान अमित शाह ने अगरतला में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा, "आज नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी का शिलान्यास हुआ है। यह पूरे उत्तर-पूर्व में सबसे पहला कैंपस होगा। यहां से विभिन्न अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स चलेंगे।"
उन्होंने कहा, "पूरे नार्थ ईस्ट में नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी का पहला कैंपस त्रिपुरा में बनना हर त्रिपुरावासी के लिए गर्व की बात है। त्रिपुरा में कैंपस का शिलान्यास होना निश्चित ही नॉर्थ ईस्ट में उग्रवाद, घुसपैठ व नारकोटिक्स जैसी समस्याओं से निपटने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।