Opposition Meeting in Bengaluru: बेंगलुरु में विपक्षी दलों की दो दिन की मेगा बैठक के बाद महागठबंधन को एक नया नाम दिया गया है। कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने मंगलवार को ऐलान किया कि सभी 26 पार्टियों के साथ मिलकर हमने इस गठबंधन को 'इंडियन नेशनल डेवेलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) नाम दिया है। उन्होंने ये भी बताया I-N-D-I-A की अगली बैठक मुंबई में होगी।
बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम मुंबई में फिर मिलने जा रहे हैं। वहां हम समन्वयकों के नाम पर चर्चा करेंगे और उनके नाम का ऐलान करेंगे। जल्द ही मुंबई बैठक के लिए तारीख की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने कहा, "विपक्ष की अगली बैठक मुंबई में होगी, तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। 11 सदस्यों की एक समन्वय समिति भी बनाई जाएगी। समिति के सदस्यों के नामों की घोषणा मुंबई में की जाएगी।"
NDA की आज की बैठक पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "NDA 30 दलों के साथ बैठक कर रही है। मैंने भारत में इतनी पार्टियों के बारे में नहीं सुना है। पहले उन्होंने कोई बैठक नहीं की, लेकिन अब वे एक-एक करके (NDA दलों के साथ) बैठक कर रहे हैं। PM मोदी अब विपक्षी दलों से डर रहे हैं। हम यहां लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए इकट्ठा हुए हैं।"
इस ऐलान के बाद कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट कर लिखा, "INDIA की जीत होगी।"
'देश हमारा परिवार उसे बचाने के लिए हुए एक'
इसके बाद महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा राजनीति में विचारधारा अलग तो होती ही है, लेकिन हम देश के लिए एक हुए हैं। लोगों को लगता है कि हम परिवार को बचाने के लिए एक हुए हैं। देश हमारा परिवार है और उसे बचाने के लिए हम एक हुए हैं। इस तानाशाह सरकार के खिलाफ हम लड़ेंगे।
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "26 पार्टियां इकट्ठा हुईं, ये दूसरी मीटिंग थी और यह अच्छी बात है कि कुनबा बढ़ रहा है...आज 26 पार्टियां अपने लिए एकत्रित नहीं हुए हैं, हमें एक तरफ देश को नफरत से बचाना है और दूसरी तरफ एक नए भारत का सपना लेकर हम सब इकट्ठा हुए है।"
राहुल गांधी ने इसे देश के लिए एक लड़ाई बताते हुए कहा, "यह लड़ाई विपक्ष और BJP के बीच नहीं है। देश की आवाज को कुचला जा रहा है, यह लड़ाई देश के लिए है, इसलिए इंडियन नेशनल डेवेलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) नाम चुना गया।"
जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूछा, "NDA क्या तुम I.N.D.I.A को चुनौती दे सकते हो?"