केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अब रोजगार संकट को दूर करने का प्लान तैयार कर रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के मुताबिक अगले डेढ़ साल में केंद्र सरकार के तमाम विभागों में 10 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों से कहा है कि वे ‘मिशन मोड’ में काम करते हुए अगले डेढ़ साल में 10 लाख लोगों की भर्ती करें।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि सभी सरकारी विभागों एवं मंत्रालयों में मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री का यह निर्देश आया है। बेरोजगारी के मसले पर विपक्ष की ओर से की जा रही लगातार आलोचना के बीच सरकार ने यह फैसला किया है।
PMO ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने सभी सरकारी विभागों एवं मंत्रालयों में मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा की और सरकार द्वारा मिशन मोड में अगले डेढ़ साल में 10 लाख लोगों की भर्ती करने का निर्देश दिया।’’
पिछले साल केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने संसद में एक सवाल के जवाब में बताया था कि केंद्र सरकार के विभागों में एक मार्च, 2020 तक 8.72 लाख पद खाली थे। ऐसे में साफ है कि यह आंकड़ा अब बढ़कर 10 लाख के करीब हो गया होगा, जिन पर भर्ती के लिए पीएम मोदी ने आदेश दिया है। मोदी सरकार का यह ऐलान सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले हजारों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है।