PM मोदी आज गुजरात में 3,050 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री 7 परियोजनाओं का उद्घाटन, 12 परियोजनाओं का शिलान्यास और 14 परियोजनाओं का भूमि पूजन करेंगे। PMO के मुताबिक, इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने और जीवनयापन को आसान बनाने में मदद मिलेगी

अपडेटेड Jun 10, 2022 पर 10:22 AM
PM मोदी आज ‘गुजरात गौरव अभियान’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज शुक्रवार (10 जून) को अपने गृह राज्य गुजरात का दौरा करेंगे, जहां वह नवसारी में ‘गुजरात गौरव अभियान’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान वह 3,050 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, पीएम मोदी नवसारी में ए.एम. नाइक स्वास्थ्य सेवा परिसर और निराली मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह अहमदाबाद के बोपल स्थित इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर (IN-SPACe) के मुख्यालय का भी उद्घाटन करेंगे।

अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सात परियोजनाओं का उद्घाटन, 12 परियोजनाओं का शिलान्यास और 14 परियोजनाओं का भूमि पूजन करेंगे। पीएमओ के मुताबिक इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने और जीवनयापन को आसान बनाने में मदद मिलेगी।


इन परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी तापी, नवसारी और सूरत जिलों के निवासियों के लिए 961 करोड़ रुपये की 13 जलापूर्ति परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन करेंगे। वह नवसारी जिले के एक मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन भी करेंगे, जिसे लगभग 542 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। यह क्षेत्र के लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण मेडिकल सुविधा प्रदान करने में मदद करेगा।

ये भी पढ़ें- सीधा सौदा- ऐसे 20 स्टॉक्स जिसमें ट्रेड लेकर आप कर सकते हैं दमदार कमाई

पीएमओ ने कहा कि पीएम मोदी लगभग 586 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मधुबन बांध आधारित एस्टोल क्षेत्रीय जल आपूर्ति परियोजना का उद्घाटन करेंगे। उसने कहा कि यह जल आपूर्ति इंजीनियरिंग कौशल का चमत्कार है।

'नल से जल' परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

साथ ही, प्रधानमंत्री द्वारा 163 करोड़ रुपये की 'नल से जल' परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इन परियोजनाओं से सूरत, नवसारी, वलसाड और तापी जिलों के निवासियों को सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। इसके अलावा पीएम मोदी तापी जिले के निवासियों को बिजली उपलब्ध कराने के लिए 85 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित वीरपुर व्यारा सबस्टेशन का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत से नवसारी में बने सरकारी आवास सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे। वे पिपलादेवी-जुनेर-चिचविहिर-पीपलदाहड़ से निर्मित सड़कों और डांग में 12-12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्कूल भवनों का भी लोकार्पण करेंगे। सूरत, नवसारी, वलसाड और तापी जिलों के निवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पीएम 549 करोड़ रुपये की लागत वाली 8 जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

पीएमओ ने कहा कि नवसारी जिले में 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली खेरगाम और पीपलखेड़ को जोड़ने वाली चौड़ी सड़क का भी शिलान्यास किया जाएगा। इसके तहत लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से सुपा के रास्ते नवसारी और बारडोली के बीच एक और चार लेन की सड़क का निर्माण किया जाएगा। प्रधानमंत्री लगभग 28 करोड़ रुपये और 10 करोड़ रुपये की लागत से क्रमशः डांग में जिला पंचायत भवन के निर्माण और रोलर क्रैश बैरियर उपलब्ध कराने और और उसे फिक्स करने के कारखाने की आधारशिला भी रखेंगे।

IN-SPACe मुख्यालय का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नवसारी में ए.एम. नाइक हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स और निराली मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। वे हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में भी शामिल होंगे, जहां वे खरेल शिक्षा परिसर का वर्चुअल तौर पर उद्घाटन करेंगे। इसके बाद इस अवसर पर उनका संबोधन होगा। वह अहमदाबाद में इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर (IN-SPACe) के मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे।

पीएमओ ने कहा कि इस कार्यक्रम में अंतरिक्ष आधारित अनुप्रयोगों और सेवाओं के क्षेत्र में काम करने वाली इन-स्पेस और निजी क्षेत्र की कंपनियों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होगा। बयान के मुताबिक अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी संस्थाओं को बढ़ावा देने और सक्षम करने से अंतरिक्ष क्षेत्र को एक बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और भारत के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए अवसर के नए रास्ते खुलेंगे।

इन-स्पेस की स्थापना की घोषणा जून 2020 में की गई थी। यह अंतरिक्ष विभाग में सरकारी और निजी दोनों संस्थाओं की अंतरिक्ष गतिविधियों के प्रचार, प्रोत्साहन और विनियमन के लिए एक स्वायत्त और सिंगल विंडो नोडल एजेंसी है। यह प्राइवेट संस्थाओं द्वारा इसरो (ISRO) सुविधाओं के उपयोग को आसान बनाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।