कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने लंदन में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र वैश्विक आबादी के लिए अच्छा है और हमारे ग्रह के केंद्रीय आधार के रूप में काम करता है। उन्होंने आगाह किया कि अगर भारतीय लोकतंत्र में दरार आती है तो इससे हमारे ग्रह के लिए समस्याएं खड़ी होंगी।
राहुल गांधी ने कहा, "भारत अच्छी स्थिति में नहीं है। BJP ने पूरे देश में मिट्टी का तेल फैला दिया है। आपको एक चिंगारी चाहिए और हम बड़ी मुसीबत में पड़ जाएंगे। मुझे लगता है कि यह विपक्ष, कांग्रेस की भी जिम्मेदारी है जो लोग, समुदायों, राज्यों और धर्मों को एक साथ लाती है।" उन्होंने कहा कि हमें इस तापमान को ठंडा करने की जरूरत है, क्योंकि अगर यह तापमान ठंडा नहीं हुआ तो चीजें गलत हो सकती हैं।
ब्रिटेन दौरे पर गए राहुल ने गैर-लाभकारी थिंकटैंक ‘ब्रिज इंडिया’ द्वारा शुक्रवार को आयोजित ‘आइडियाज फॉर इंडिया (Ideas for India)’ सम्मेलन में एक संवाद सत्र के दौरान यह टिप्पणी की। कांग्रेस नेता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में शासन के दो अलग स्वरूप चल रहे हैं। एक जो आवाजों को दबाता है और दूसरा जो उन्हें सुनता है। उन्होंने सामूहिक कार्रवाई के लिए अपनी पार्टी के दृष्टिकोण को भी स्पष्ट किया, जिसके चलते देश के लिए कुछ सुंदर होगा।
'कांग्रेस की विचारधारा सरकार से लड़ने के लिए तैयार'
राहुल ने मौजूदा शासन पर देश को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा इससे लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "कृपया समझें, भारतीय जनता पार्टी का काम शोर मचाना और आवाजें दबाना है। जबकि, हम सुनते हैं। ये दो अलग चीजें हैं, ये दो अलग डिजाइल हैं।" सम्मेलन में राहुल के साथ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सीताराम येचुरी, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव और तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा जैसे विपक्षी नेताओं ने भी हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता से कहा जाता है कि आप यह कहेंगे और कुछ नहीं। यह कार्यकर्ता लोगों के गले के नीचे खास तरह के विचारों को उतारने के लिए बनाया गया है। फिर चाहे वह कम्युनिस्ट विचारधारा हो या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की सोच। राहुल ने आगे कहा कि हमारा कार्यकर्ता इस तरह से तैयार नहीं किया गया है। हम भारत के लोगों की आवाज सुनने, उनके विचारों को बाहर निकालने और उसे सामने रखने के लिए बनाया गया है।
लोकतंत्र वैश्विक आबादी के लिए अच्छा
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र वैश्विक आबादी के लिए अच्छा है। यह ग्रह के एक केंद्रीय आधार के रूप में काम करता है। क्योंकि हम अकेले ऐसे लोग हैं, जो इतने बड़े पैमाने पर लोकतंत्र का प्रबंधन करने में सफल रहे हैं। अगर भारतीय लोकतंत्र में दरार आती है तो ग्रह के लिए समस्या पैदा होंगी।
कांग्रेस पार्टी ने राहुल के हवाले से कहा कि हमारा मानना है कि भारत अपने लोगों को बांधने वाली एक डोर है। जबकि बीजेपी और आरएसएस का मानना है कि भारत एक भौगोलिक स्थान है, यह एक ‘सोने की चिड़िया’ है, जिसका लाभ चंद लोगों में बंटना चाहिए। हमारा मानना है कि लाभ तक सभी को समान पहुंच मिलनी चाहिए। रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने इसकी तुलना भारत में चीन की गतिविधियों से की।