Parliament monsoon session live updates: लोकसभा से कांग्रेस के चारों सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया गया है। लोकसभा में सांसदों के निलंबन को हटाने का प्रस्ताव सोमवार को पारित हुआ। इसके साथ ही निलंबित सांसदों का निलंबन निरस्त कर दिया गया है। कांग्रेस के लोकसभा सांसद मणिकम टैगोर, राम्या हरिदास और एस जोथिमणि का निलंबन रद्द होने के बाद वे सदन में पहुंचे।
कांग्रेस सांसदों के निलंबन को रद्द करने की घोषणा करते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि मैं सदन के सभी दलों से अनुरोध करूंगा कि प्ले कार्ड सदन के अंदर न लाएं। अगर कोई भी सांसद सदन में प्ले कार्ड लेकर आते हैं तो मैं निश्चित रूप से कार्रवाई करूंगा। मैं उन्हें आखिरी मौका दे रहा हूं।
लोकसभा में विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के दौरान तख्तियां दिखाकर प्रदर्शन करने और आसन की अवमानना करने के मामले में गत 25 जुलाई को कांग्रेस के चार सदस्यों- मणिकम टैगोर, टी एन प्रतापन, एस जोथिमणि और राम्या हरिदास को चालू सत्र की शेष अवधि के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया था।
कांग्रेस के चार सांसदों के निलंबन को वापस लेने की मांग करते हुए सोमवार को कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों ने लोकसभा में हंगामा किया जिस वजह से सदन की कार्यवाही शुरू होने के करीब पांच मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख किया और पूरे सदन ने मेजें थपथपाकर भारतीय पदक विजेताओं की सराहना की।
इसके बाद बिरला ने जब प्रश्नकाल शुरू करवाया तो कुछ विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करने लगे। वे कांग्रेस के चार सदस्यों के निलंबन को वापस लेने की मांग कर रहे थे। उन्होंने ‘निलंबन वापस लो’ के नारे लगाए।