अन्ना यूनिवर्सिटी यौन उत्पीड़न मामले में न्याय की मांग को लेकर, तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख के अन्नामलाई ने शुक्रवार को एक अनोखा प्रदर्शन करते हुए खुद को कोड़े मारे। अपने घर के बाहर कई लोगों के सामने खुद को कोड़े मारने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पर वायरल हो रहा है। गुरुवार को, अन्नामलाई ने कहा था कि वह अन्ना यूनिवर्सिटी की छात्रा के दुखद यौन उत्पीड़न पर लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए 27 दिसंबर को सुबह 10 बजे कोयंबटूर में अपने घर के बाहर खुद को छह बार कोड़े से मारेंगे। साथ ही ये ऐसे मामलों से निपटने में पुलिस और सरकार की "उदासीनता" का विरोध भी है।
उन्होंने यह भी कहा था कि जब तक द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) शासन सत्ता से बाहर नहीं हो जाता, वह सैंडल नहीं पहनेंगे और नंगे पैर नहीं चलेंगे। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए, अन्नामलाई ने आरोप लगाया कि आरोपी ज्ञानसेकरन DMK पदाधिकारी था, जिसे सत्तारूढ़ दल ने नकार दिया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने द्रमुक नेताओं के साथ आरोपी की तस्वीरें दिखाते हुए आरोप लगाया कि वह सत्तारूढ़ पार्टी की छात्र शाखा का पदाधिकारी था।
अन्नामलाई ने लगाए ये आरोप
तमिलनाडु के कानून मंत्री एस रेगुपति ने कहा कि यूनिवर्सिटी के छात्र यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी DMK का प्राथमिक सदस्य भी नहीं था। BJP नेता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सत्तारूढ़ दल से जुड़े होने के कारण प्रोत्साहित होकर यह अपराध किया।
उन्होंने मीडिया से कहा, ''यह बहुत सरल है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि क्योंकि आरोपी DMK से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। साथ ही उन्होंने ऐसे अपराधों को रोकने के लिए निर्भया फंड के इस्तेमाल के बारे में जानना चाहा।
अन्नामलाई ने FIR लिखे जाने के तरीके पर भी सवाल उठाया और कहा कि इसे इस तरह तैयार किया गया था, जैसे कि पीड़ित ने कोई अपराध किया हो। तमिलनाडु भाजपा प्रमुख ने कहा, “द्रमुक (सरकार) को पीड़िता की पहचान उजागर करने में शर्म आनी चाहिए।”
क्या है यौन उत्पीड़न मामला?
यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गुइंडी की एक छात्रा के साथ 23 दिसंबर को रात लगभग 8 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने यौन उत्पीड़न किया। उसने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि यह घटना तब हुई जब वह कॉलेज परिसर में एक पुरुष मित्र के साथ थी।
इसके बाद, पुलिस की चार टीमें बनाई गईं और आरोपी - फुटपाथ पर बिरयानी बेचने वाले 37 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा, “जांच के दौरान, साइंटिफिक सबूतों के आधार पर, कोट्टूर (कॉलेज के पास का इलाका) के ज्ञानसेकरन को इस अपराध के लिए गिरफ्तार किया गया है। संदिग्ध ने इकबालिया बयान दिया है। वह फुटपाथ पर बिरयानी की दुकान चलाकर कारोबार करता है।''
इसके अलावा, पुलिस ने कहा कि वे जांच कर रहे हैं कि क्या वह किसी और अपराध में शामिल था। दूसरी तरफ यूनिवर्सिटी की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) के सहयोग से जांच जारी रही।