UP By-Election 2024: यूपी में सभी 10 सीटों पर उपचुनाव के लिए BSP ने कसी कमर, 3 सीट पर मायावती ने तय किए प्रत्याशी

UP By-Election 2024: पूर्व सीएम मायावती ने पार्टी की बैठक में कहा कि केंद्र और यूपी की सरकार महंगाई, बेरोजगारी और पिछड़ेपन से ध्यान हटाने के लिए बुलडोजर का सहारा ले रही और धार्मिक उन्माद फैला रही है। BSP सुप्रीमो ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। इसलिए हम दमदारी के साथ लड़ेंगे और सभी 10 सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे

अपडेटेड Aug 11, 2024 पर 3:11 PM
UP By-Election 2024: BSP प्रमुख मायावती ने कहा है कि उनकी पार्टी सभी 10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी

Uttar Pradesh By-Election 2024: उत्तर प्रदेश में पहली बार बहुजन समाज पार्टी (BSP) उपचुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं BSP प्रमुख मायावती ने रविवार (11 अगस्त) को ऐलान किया कि निकट भविष्य में राज्य की 10 खाली हुए विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में उनकी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी और पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी। मायावती ने लखनऊ में प्रदेश कार्यालय में पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की एक समीक्षा बैठक में उपचुनाव लड़ने की घोषणा की।

अक्सर उपचुनावों से दूर रहने वाली BSP ने इस उपचुनाव को पूरे दमखम से लड़ने का फैसला किया है। BSP मुख्‍यालय की ओर से जारी एक बयान में मायावती ने कहा है, ''लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में खाली हुई 10 विधानसभा सीटों पर प्रस्तावित उपचुनावों के लिए अभी चुनाव की तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसे लेकर सरगर्मी लगातार बढ़ रही है।''

मायावती ने कहा, ''खासकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BSP) और उसकी सरकार द्वारा इसे (उपचुनाव) प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लेने के कारण इन उपचुनावों में लोगों की रुचि काफी बढ़ी है। BSP ने भी इन उपचुनावों में सभी (10) सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने और पूरे दमखम के साथ लड़ने का फैसला किया है।''


BSP प्रमुख ने इस बयान की प्रति अपने आधिकारिक X अकाउंट पर भी साझा की। उन्होंने आग्रह किया कि चूंकि, बीएसपी गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की पार्टी है तथा दूसरे दलों की तरह यह बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों के सहारे और इशारे पर नहीं चलती है। इसलिए इसके समर्थक पूरे तन-मन-धन से सहयोग कर पार्टी के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उपचुनाव पर मायावती की निगाहें

यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 403 सीटों में मात्र 1 सीट और लोकसभा चुनाव में पूरी तरह सफाया होने के बाद BSP की उम्मीदें उपचुनावों पर टिकी हैं। आरक्षण को लेकर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अंदर उप-वर्गीकरण और क्रीमी लेयर संबंधी मामलों के बीच BSP प्रमुख अब पूरे तेवर में दिख रही हैं।

उत्तर प्रदेश के 9 विधानसभा सदस्यों के लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से और कानपुर के सीसामऊ से (सपा) विधायक इरफान सोलंकी को (एक आपराधिक मामले में) सजा सुनाए जाने के बाद कुल 10 सीटें खाली हुई हैं। विधानसभा के एक अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग को खाली हुई 10 सीटों की की सूचना भेज दी गई है।

लोकसभा में लगा था बड़ा झटका

लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है। 2019 में SP के साथ गठबंधन में BSP को 10 सीटें मिली थीं। लेकिन 2024 में पार्टी एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी। राजनीतिक जानकार बताते हैं BSP से इस चुनाव में ऐसे ही नतीजों की उम्मीद जताई जा रही थी, क्योंकि उनके पास पहले जैसा संगठन नहीं बचा है।

ये भी पढ़ें- नितिन गडकरी पंजाब के CM पर भड़के, दी चेतावनी, जानिए क्या है वजह

इसके अलावा वह लगातार चुनाव हार रही हैं। अकेले चुनाव लड़ने की BSP की रणनीति का उल्टा असर रहा। उनके इस निर्णय से पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। BSP का परंपरागत वोटर्स जाटव समाज भी इस चुनाव में उनसे दूर हो गया। 79 सीटों पर इनके ज्यादातर उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।