योगी सरकार के तीसरे मंत्री ने दिया इस्तीफा, स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह चौहान के बाद धर्म सिंह सैनी ने छोड़ा साथ

UP Election 2022: धर्म सिंह सैनी योगी सरकार में आयुष मंत्री थे और पश्चिमी यूपी की नाकुड़ विधानसभा सीट से विधायक हैं

अपडेटेड Jan 13, 2022 पर 3:00 PM
UP Election 2022: पिछले कुछ दिनों में बीजेपी के तीन मंत्रियों सहित अब तक 13 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को पिछले कुछ दिनों से एक के बाद एक ताबड़तोड़ झटके लग रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह चौहान के बाद अब गुरुवार को बीजेपी के एक और मंत्री धर्म सिंह सैनी ने भी इस्तीफा दे दिया। धर्म सिंह सैनी योगी सरकार में आयुष मंत्री थे और पश्चिमी यूपी की नाकुड़ विधानसभा सीट से विधायक हैं। ऐसी अटकलें हैं कि धर्म सिंह सैनी भी स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ कल यानी शुक्रवार 14 जनवरी को समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इस बीच धर्म सिंह सैनी की समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आ गई हैं, जिससे उनकी समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलों की पुष्टि होती है।

इससे पहले गुरुवार को ही बीजेपी विधायक विनय शाक्य और मुकेश वर्मा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इन दोनों विधायकों के भी स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होने की अटकलें हैं।

बता दें कि बीते मंगलवार को स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफा देने के तुरंत बाद ही मीडिया में ऐसी रिपोर्टें आई थीं उनके साथ धर्म सिंह सैनी भी बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि तब धर्म सिंह सैनी ने एक वीडियो जारी कर इन अटकलों का खारिज किया था।


धर्म सिंह सैनी ने कहा था, "मुझे पता चला है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने उन विधायकों की लिस्ट दी है, जो BJP छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं और मेरा नाम भी उस लिस्ट में है। स्वामी प्रसाद मौर्य का मैं सम्मान करता हूं लेकिन मैं बीजेपी में हूं और रहूंगा। मैं पार्टी नहीं छोड़ रहा हूं।"

आशीष कोचालिया ने अपने पोर्टफोलियो में जोड़ा यह ऑटो स्टॉक, जानिए एक्सपर्ट्स की क्या है इस शेयर पर राय

बता दें कि धर्म सिंह सैनी की गिनती पश्चिम यूपी के कद्दावर नेताओं में होती है। वह लगातार पांचवी बार विधायक बने हैं। पिछले दो विधानसभा चुनाव से वह लगातार सहारनपुर जिले के एक और कद्दावर नेता इमरान मसूद को हराकर विधानसभा पहुंचे हैं। हालांकि यह भी दिलचस्प है कि उनके विरोधी इमरान मसूद भी अपने सहयोगियों के साथ कुछ दिनों पहले कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं।

पांच बार के BJP विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के इस्तीफे की भी अटकलें

इस बीच पांच बार के बीजेपी विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के इस्तीफे की भी सोशल मीडिया पर अटकलें चल रही हैं। बाला प्रसाद अवस्थी, लखीमपुर खीरी जिले की धौरहरा विधानसभा सीट से विधायक है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बाला प्रसाद अवस्थी के सपा नेता मनोज पाण्डेय के साथ सपा कार्यालय पहुंचने की खबर है। माना जा रहा है कि सपा कार्यलय में अखिलेश यादव के साथ मुलाकात के बाद वह अपना इस्तीफा दे सकते हैं।

पिछले कुछ दिनों में बीजेपी के तीन मंत्रियों सहित अब तक 13 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। इस्तीफा देने वाले विधायकों की ये रही लिस्ट

1. बदायूं जिले के बिल्सी से विधायक राधा कृष्ण शर्मा।

2. सीतापुर से विधायक राकेश राठौर।

3. बहराइच के नानपारा से विधायक माधुरी वर्मा।

4. संतकबीरनगर से भाजपा विधायक जय चौबे।

5. स्वामी प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री

6. भगवती सागर, विधायक, बिल्हौर कानपुर

7. बृजेश प्रजापति, विधायक

8. रोशन लाल वर्मा, विधायक

9. विनय शाक्य, विधायक

10. अवतार सिंह भड़ाना, विधायक

11. दारा सिंह चौहान, कैबिनेट मंत्री

12. मुकेश वर्मा, विधायक

13. धर्म सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।