Get App

UP Panchayat Election-आज से पहले चरण के चुनावों के लिए 18 जिलों में नामांकन होगा शुरू

उत्तर प्रदेश में हो रहे पंचायत चुनाव में पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है

MoneyControl Newsअपडेटेड Apr 04, 2021 पर 7:36 AM
UP Panchayat Election-आज से पहले चरण के चुनावों के लिए 18 जिलों में नामांकन होगा शुरू

दुनिया के सबसे बड़े पंचायत चुनाव यानी कि उत्तर प्रदेश में हो रहे पंचायत चुनाव में पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। यह प्रक्रिया आज और कल यानी रविवार तक चलेगी। इस प्रक्रिया के तहत राज्य के 18 जिलों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए उम्मीदवार अपने नामांकन भर सकेंगे। पहले चरण के लिए 18 अप्रैल को मतदान होगा।

यूपी के पंचायत चुनावों के पहले चरण के लिए आज से सहारनपुर, गाजियाबाद, रामपुर, बरेली, हाथरस, आगरा, कानपुर नगर, झांसी, महोबा, प्रयागराज, रायबरेली, हरदोई, अयोध्या, श्रावस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, जौनपुर, भदोही जिलों में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।

कोरोना के चलते चुनावय आयोग ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान भी कोरोना के नियमों का पालन करने के निर्देश दिये हैं। जिसके तहत नामांकन पत्र दाखिल करने वाले व्यक्तियों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा। किसी को भी मास्क के बिना रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।  नामांकन दाखिल करने के लिए केवल उम्मीदवार और  उसके साथ एक अन्य व्यक्ति को ही रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

वहीं राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि नामांकन के दिनों में ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस में आने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ को नामांकन कार्यालय से दो सौ मीटर की परिधि के बाहर ही रोक दिया जाए। नामांकन कार्यालय पर प्रत्याशी, उसके चुनाव एजेंट, प्रस्तावक और सहायता के लिए एक अन्य व्यक्ति को ही आने की परमिशन दी जाये।  

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें