UP Polls Second Phase: 296 करोड़ रुपए के साथ नवाब काज़िम अली खान है सबसे अमीर उम्मीदवार, जानें कौन है सबसे गरीब उम्मीदवार

UP Election 2022: पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में फैले राज्य की 55 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होना है

अपडेटेड Feb 11, 2022 पर 8:56 PM
राज्य की 55 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होना है (FILE)

UP Second Phase Voting: एक रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार के पास 296 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जबकि सबसे गरीब के पास सिर्फ 6,700 रुपए है। पश्चिमी यूपी के नौ जिलों अमरोहा, बरेली, बिजनौर, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, संभल और शाहजहांपुर में फैले राज्य की 55 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होना है।

उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच एंड एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने एक रिपोर्ट में कहा कि उन्होंने दूसरे चरण का चुनाव लड़ने वाले 586 उम्मीदवारों में से 584 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि रामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार नवाब काजिम अली खान ने 296 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है।


उनके बाद बरेली कैंट सीट से समाजवादी पार्टी की सुप्रिया आरोन 157 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ हैं, जबकि नौगवां सीट से BJP के देवेंद्र नागपाल ने 140 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है।

UP Second Phase Voting: दूसरे चरण में 25% उम्मीदवारों के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले, टॉप पर समाजवादी पार्टी, पढ़ें ADR की पूरी रिपोर्ट

दूसरी ओर, संजय कुमार, जो शाहजहांपुर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, उनके पास केवल 6,700 रुपए की संपत्ति है, जिसमें सभी चल और शून्य अचल संपत्ति हैं।

आम आदमी पार्टी के विशाल कुमार (नेहतौर सीट) और उस्माल मलिक (सहारनपुर नगर) क्रमशः 13,500 रुपए और 15,000 रुपए की संपत्ति के साथ आते हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि दूसरे चरण के चुनाव में कुल 584 उम्मीदवारों में से 260 (या 45 प्रतिशत) करोड़पति हैं। पार्टी के हिसाब से देखें तो BJP के 53 में से 52 (98 प्रतिशत), SP के 52 में से 48 (92 प्रतिशत), BSP के 55 में से 46 (84 प्रतिशत), RLD के 3 मे से 2 (67 प्रतिशत), कांग्रेस के 54 मे से 31 (57 प्रतिशत) और आम आदमी पार्टी (AAP) 49 मे से 16 (33 प्रतिशत) उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनकी घोषित संपत्ति एक करोड़ रुपए से ज्यादा है।

UP Election 2022: दूसरे चरण में 45 प्रतिशत उम्मीदवार हैं करोड़पति, BJP के 53 में से 52 प्रत्याशी हैं धनवान, जानें बाकियों का हाल

रिपोर्ट में पाया गया कि चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 4.11 करोड़ रुपए है। प्रमुख दलों के बीच प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति के मामले में, सपा के आंकड़े 11.26 करोड़ रुपए थे, उसके बाद BJP (9.95 करोड़ रुपए), कांग्रेस (8.20 करोड़ रुपए), RLD (6.20 करोड़ रुपए), BSP (5.74 करोड़ रुपए) और AAP (1.60 करोड़ रुपए) है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 14 फरवरी का चुनाव लड़ने वाले 29 (या 5 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी PAN डिटेल की घोषणा नहीं की है। ADR ने कहा, हमारे चुनावों में धनबल की भूमिका इस बात से साफ होती है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दल पैसे वालों को उम्मीदवारों को टिकट देते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।