Wayanad bypoll: बीजेपी ने वायनाड उपचुनाव के लिए नव्या हरिदास को मैदान में उतारा, प्रियंका गांधी से होगी टक्कर

Wayanad Bypoll 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार (19 अक्टूबर) को केरल के वायनाड में लोकसभा उपचुनाव के लिए नव्या हरिदास को चुनावी मैदान में उतारा, जहां वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी। प्रियंका गांधी केरल के वायनाड लोकसभा क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव से पार्टी उम्मीदवार के तौर पर अपनी चुनावी पारी का आगाज करेंगी, जहां 13 नवंबर को मतदान होगा

अपडेटेड Oct 19, 2024 पर 8:38 PM
Wayanad Bypoll 2024: केरल की वायनाड लोकसभा सीट के लिए 13 नवंबर को उपचुनाव होगा

Wayanad Bypoll 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केरल के वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए नव्या हरिदास को चुनावी मैदान में उतारा है। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका गांधी वाड्रा से होगा। बीजेपी ने वायनाड के अलावा असम, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के विधानसभा उपचुनावों के लिए भी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी केरल के वायनाड लोकसभा क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव से पार्टी उम्मीदवार के तौर पर अपनी चुनावी पारी का आगाज करेंगी।

हरिदास के अलावा, बीजेपी ने असम, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए भी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। सत्तारूढ़ पार्टी ने रमाकांत भार्गव को बुधनी से चुनावी मैदान में उतारा है। यह सीट शिवराज सिंह चौहान द्वारा खाली की गई थी। सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम चौहान बुधनी सीट से अपने बेटे कार्तिकेय चौहान के लिए प्रयास कर रहे थे।

वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता सत्यन मोकेरी को वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। कोझीकोड जिले के नादापुरम निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक मोकेरी कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के समाधान से संबंधित अपने काम के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 2014 में वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली थी।


कांग्रेस ने राहुल गांधी द्वारा खाली की गई वायनाड सीट से प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने हाल ही में वायनाड और केरल की दो विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की जिनमें प्रियंका गांधी का नाम शामिल है। हालांकि पार्टी ने जून में ही इसका ऐलान कर दिया था कि वह राहुल गांधी के इस्तीफे से खाली हुई वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस ने हाल ही में वायनाड और केरल की दो विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की जिनमें प्रियंका गांधी का नाम शामिल है। हालांकि पार्टी ने जून में ही इसका ऐलान कर दिया था कि वह राहुल गांधी के इस्तीफे से खाली हुई वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी।

क्या प्रियंका गांधी पहुंच पाएंगी संसद?

वायनाड से निर्वाचित होने पर वह पहली बार किसी सदन की सदस्य बनेंगी। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं। उसके बाद से वह पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा वायनाड लोकसभा उपचुनाव की घोषणा के तुरंत बाद कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी वाली लिस्ट जारी की।

लोकसभा चुनाव के कुछ दिनों बाद जून में कांग्रेस ने घोषणा की थी कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में रायबरेली संसदीय क्षेत्र रखेंगे और केरल की वायनाड सीट खाली कर देंगे, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनावी पारी की शुरुआत करेंगी। निर्वाचित होने पर प्रियंका गांधी पहली बार सांसद बनेंगी। साथ ही यह भी पहली बार होगा कि गांधी परिवार के तीन सदस्य सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका एक साथ संसद में होंगे।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Chunav 2024: झारखंड चुनाव के लिए BJP ने जारी की पहली लिस्ट! सरायकेला से लड़ेंगे चंपई सोरेन, जानें किसे कहां से मिला टिकट

वायनाड संसदीय सीट और 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को झारखंड विधानसभा के पहले चरण के मतदान के साथ होगा। प्रियंका गांधी को अतीत में वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए संभावित चुनौती के रूप में और परिवार के गढ़ रायबरेली में कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी के उत्तराधिकारी के रूप में पेश किया गया था।

हालांकि, कांग्रेस ने उन्हें वायनाड से मैदान में उतारने का फैसला किया है, जिस संसदीय सीट से उनके भाई राहुल लगातार दो चुनावों में जीते थे। प्रियंका गांधी पहले उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी थीं। इस लोकसभा चुनाव में उन्होंने रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस की जीत में प्रमुख भूमिका निभाई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।