Jharkhand Chunav 2024: झारखंड चुनाव के लिए BJP ने जारी की पहली लिस्ट! सरायकेला से लड़ेंगे चंपई सोरेन, जानें किसे कहां से मिला टिकट

Jharkhand Assembly Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार (19 अक्टूबर) को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए के लिए 66 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। लिस्ट के मुताबिक, बीजेपी के राज्य प्रमुख बाबूलाल मरांडी धनवार से, लोबिन हेम्ब्रोम बोरियो से, सीता सोरेन जामताड़ा से और मीरा मुंडा पोटका से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे

अपडेटेड Oct 19, 2024 पर 7:38 PM
Story continues below Advertisement
Jharkhand Chunav 2024: पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पूर्व अध्यक्ष चंपई सोरेन को सरायकेला से उम्मीदवार बनाया गया है

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पहली लिस्ट जारी हो गई है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की तरफ से शनिवार (19 अक्टूबर) शाम को जारी पहली लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पूर्व अध्यक्ष चंपई सोरेन को सरायकेला से उम्मीदवार बनाया गया है। सोरेन 1991 से सरायकेला में जीतते आ रहे हैं। आगामी चुनावों में अपनी पूर्व पार्टी और उसके गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। वहीं, झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए (Jharkhand Election 2024) के लिए 66 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है।

लिस्ट के मुताबिक, बीजेपी के राज्य प्रमुख बाबूलाल मरांडी धनवार से, लोबिन हेम्ब्रोम बोरियो से, सीता सोरेन जामताड़ा से, पूर्व सीएम चंपई सोरेन सरायकेला से, गीता बालमुचू चाईबासा से, गीता कोड़ा जगनाथपुर से, मीरा मुंडा पोटका से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। चुनाव आयोग (ECI) ने घोषणा की है कि 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे। जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए NDA के घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य की 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि आजसू पार्टी (ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) 10, नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) दो और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। शुक्रवार को रांची के हरमू स्थित झारखंड बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी और आजसू के नेताओं ने सीट शेयरिंग का ऐलान किया।


समझौते के अनुसार, आजसू पार्टी को सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुलसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर की सीटें दी गई हैं। जनता दल यूनाइटेड के हिस्से में जमशेदपुर पश्चिमी और तमाड़ विधानसभा सीट आई है, जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को चतरा सदर विधानसभा सीट दी गई है। असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि सीटों के बंटवारे की घोषणा सभी पार्टियों से बातचीत के बाद की गई है। हालांकि एक-दो सीटों में आपसी सहमति से बदलाव की संभावना है।

उन्होंने कहा कि एनडीए पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा। हमें पूरा विश्वास है कि हम राज्य में बहुमत की सरकार बनाएंगे। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की जनता मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार से त्रस्त है। उन्होंने राज्य के युवाओं, महिलाओं और पिछड़ों से किए एक भी वादे को पूरे नहीं किया। सीएम सोरेन ने कहा था कि राज्य के पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरी नहीं दे पाए, तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे। इसके बाद भी वह युवाओं और राज्य की जनता से कैसे वोट मांगेंगे।

इस मौके पर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड के मौजूदा हालातों को लेकर जनता को आगाह करने का काम करेंगे। यह चुनाव पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों और दूसरे फेज में 20 नवंबर को 38 सीटों पर वोटिंग होगी। जबकि चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Chunav 2024: झारखंड में JMM और कांग्रेस 70 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव, सीट बंटवारे से तेजस्वी की पार्टी RJD नाराज

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।