Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार (19 अक्टूबर) को कहा कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. ब्लॉक आगामी विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि कांग्रेस तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) राज्य की 81 विधानसभा में से 70 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। सोरेन ने कहा कि बाकी के 11 सीट के लिए गठबंधन सहयोगियों राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और वामपंथी दलों के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत जारी है। झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे। जबकि मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी।
हेमंत सोरेन ने गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, "विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) झारखंड विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेगा। सहयोगियों के साथ सीट-बंटवारे को लेकर बातचीत के दौरान यह निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस और JMM राज्य विधानसभा की 81 में से 70 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे।"
सोरेन ने कहा कि JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन को अपने विकास कार्यों के दम पर राज्य में सत्ता बरकरार रखने का भरोसा है। इससे पहले NDA ने शुक्रवार को अपने सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा की। घोषणा के मुताबिक, बीजेपी 68 सीटों पर, आजसू पार्टी 10, JDU 2 और लोजपा (रामविलास) 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी। झारखंड की 43 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई, जो 25 अक्टूबर तक चलेगी।
2019 में JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन ने झारखंड विधानसभा में 47 सीटें जीती थीं, जिसमें झामुमो की 30 और कांग्रेस की 16 सीटें शामिल थीं। वहीं, बीजेपी को 25 सीटें, JVM-P को 3, आजसू पार्टी को 2, भाकपा-माले को 1, NCP को 1 और निर्दलीय को 2 सीटें मिली थीं। वर्तमान में विधानसभा की ताकत 74 है, जिसमें JMM के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के 44 सदस्य हैं। झामुमो के दो विधायक नलिन सोरेन और जोबा माझी अब संसद सदस्य हैं। जबकि जामा विधायक सीता सोरेन ने BJP के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दे दिया है।
सीट बंटवारे से तेजस्वी यादव की पार्टी नाराज
झारखंड विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग पर RJD नेता मनोज झा ने नाराजगी जताई है। झारखंड के मुख्यमंत्री की सीट बंटवारे की घोषणा के बाद मनोज कुमार झा ने पीटीआई से कहा कि '2 मिनट' के नूडल्स की तरह सभी फैसले तुरंत नहीं लिए जा सकते। झा ने कहा कि उनकी पार्टी ने झारखंड विधानसभा की 15 से 18 ऐसी सीट की पहचान की है, जहां वह अकेले बीजेपी को हरा सकती है। RJD नेता मनोज झा ने झारखंड के मुख्यमंत्री के JMM और कांग्रेस 81 विधानसभा सीट में से 70 पर चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद कहा कि हमारे लिए सभी विकल्प खुले हैं।
वही, मनोज झा ने ANI से कहा, "हमारा (RJD) पूरा नेतृत्व यहां (रांची) है। आज सुबह बैठक हुई और उस बैठक में ये पाया गया कि ताकत जनाधार की है जो राजद के पक्ष में है। पिछली बार हम 7 सीटों पर लड़े क्योंकि लालू यादव का हृदय विशाल था। हमारा लक्ष्य था भाजपा को हटाओ जो आज भी है। दुख के साथ कहना पड़ता है कि एक तरफा फैसला लिया गया। अलग-अलग जिलों में हमारी जो मौजूदगी है वो बहुत ताकतवर है। हम अपने गठबंधन के सहयोगियों को कहेंगे कि उसके अनुसार फैसला लें।"
उन्होंने आगे कहा, "कल से हमारे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव यहां (रांची) हैं, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव यहां हैं। सब लोगों के होने के बावजूद अगर गठबंधन की बनावट की प्रक्रिया में आपने हमें संलग्न नहीं किया तो इस बात का दुख तो होता है। कष्ट इसलिए भी होता है कि हमारी ताकत शायद बहुत ज्यादा है। हम लोगों ने 15 से 18 ऐसी सीटें चिह्नित की हैं जहां हम शायद अकेले भी भाजपा को परास्त करने में सक्षम हैं। तमाम विकल्प खुले हुए हैं क्योंकि कोई भी राजनीतिक दल अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की मनोभावना को दरकिनार करके आगे चले यह उचित नहीं लगता।"