Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 Schedule: निर्वाचन आयोग (ECI) ने झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी है। झारखंड में दो फेज में वोटिंग होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में चुनाव दो चरण में संपन्न होगा। पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। वहीं, मतगणना 23 नवंबर को होगी। 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को समाप्त होगा।
झारखंड में महागठबंधन यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाली सरकार है। राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा I.N.D.I.A. ब्लॉक का हिस्सा है, जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेगा। NDA में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU), जनता दल यूनाइटेड (JDU) और बीजेपी शामिल हैं।
जनवरी में भ्रष्टाचार के मामले में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर JMM नेता हेमंत सोरेन को जेल जाना पड़ा। हालांकि, जमानत मिलने के बाद वे जेल बाहर आए और चंपई सोरेन से 156 दिन में सीएम का पद वापस ले लिया। झारखंड में साल 2019 के विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के गठबंधन ने राज्य की 81 में से 47 सीट जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इसके बाद हेमंत सोरेन दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में बीजेपी 25 सीट पर सिमट गई थी और तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास भी चुनाव हार गए थे।
पिछले पांच सालों में झारखंड में कोई बहुत बड़ा राजनीतिक उलटफेर तो नहीं हुआ। लेकिन इस दौरान JMM में घटे कुछ राजनीतिक घटनाक्रमों ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री सोरेन को कथित जमीन घोटाले से जुड़े एक मामले में जनवरी 2024 में गिरफ्तार कर लिया गया। सोरेन ने गिरफ्तारी से पूर्व मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया और नए मुख्यमंत्री के रूप में JMM संस्थापक शिबू सोरेन के करीबी सिपहसालार चंपई सोरेन की ताजपोशी हुई।
हालांकि, जून महीने में हेमंत सोरेन के जमानत पर रिहा होने के बाद चंपई सोरेन को इस्तीफा देना पड़ा। एक बार फिर राज्य की कमान हेमंत सोरेन के हाथों में आई गई। इस घटनाक्रम के कुछ दिनों बाद चंपई सोरेन ने JMM से इस्तीफा दे दिया और BJP में शामिल हो गए। झारखंड में बीजेपी का ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और जनता दल (यूनाईटेड) के साथ गठबंधन है। इस बार तीनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।
इस गठबंधन का मुकाबला JMM, कांग्रेस और RJD गठबंधन से होगा। झारखंड में कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह राज्य में विधानसभा चुनाव झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन में लड़ेगी और सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला जल्द लिए जाने की उम्मीद है। JMM ने विश्वास जताया कि उसका गठबंधन फिर से सत्ता में आएगा। झारखंड में महागठबंधन यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस, RJD और वाम दल शामिल हैं।
गठबंधन का हिस्सा होगी कांग्रेस
झारखंड में कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह राज्य में विधानसभा चुनाव झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन में लड़ेगी और सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला जल्द लिए जाने की उम्मीद है। झारखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो ने कहा, "हम राज्य में अपने घटक दलों के साथ चुनाव लड़ेंगे। सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला जल्द किया जाएगा। हमें अपने विकास कार्यों के दम पर चुनाव जीतने का भरोसा है।" JMM ने भी विश्वास जताया कि उसका गठबंधन फिर से सत्ता में आएगा।
इस बीच, पार्टी ने इस बात को लेकर चिंता जताई कि आखिर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को यह कैसे पता था कि चुनाव की तारीखों की घोषणा मंगलवार को होगी। झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा, "चुनाव की घोषणा थोड़ी जल्दी कर दी गई है लेकिन फिर भी हम चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। हालांकि, हम जानना चाहेंगे कि शर्मा को कैसे पता था कि मंगलवार को चुनावों की घोषणा की जाएगी। यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।"
झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सह-प्रभारी शर्मा ने सोमवार को कहा था कि चुनाव की तारीखों की घोषणा मंगलवार को की जा सकती है। झामुमो के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP ने दावा किया कि JMM आगामी चुनावों में हार से डर रहा है।