WB Panchayat Election Results: तृणमूल कांग्रेस प्रचंड जीत की ओर अग्रसर, BJP और कांग्रेस का कैसा रहा प्रदर्शन?

WB Panchayat Election Results: जिला परिषद की कुल 928 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 475 सीटें या तो जीत ली हैं या फिर उन पर काफी आगे चल रही है। जबकि बीजेपी को अब तक 17 सीटें मिली हैं। जबकि सीपीएम को सात और कांग्रेस को चार सीटें हासिल हुई है। इसी तरह पंचायत समिति की 9,730 सीटों में से TMC ने अब तक 4,938 सीटें जीती हैं। जबकि इसमें भगवा पार्टी को 511, सीपीएम को 125 और कांग्रेस को अब तक 105 सीटें ही मिली हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को पंचायत चुनावों में TMC की शानदार जीत के लिए पश्चिम बंगाल के लोगों को धन्यवाद दिया

अपडेटेड Jul 12, 2023 पर 11:54 AM
WB Panchayat Election Results: तृणमूल कांग्रेस ने 63,229 ग्राम पंचायत सीटों में से 34,359 पर जीत दर्ज कर ली है

West Bengal Panchayat Election Results: पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर हुई हिंसा के बीच राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) भारी जीत की ओर अग्रसर दिख रही है। अभी तक हुई मतपत्रों की गिनती के बाद घोषित परिणामों में उसे अच्छी-खासी बढ़त के संकेत मिल रहे हैं। वोटों की गिनती पूरी नहीं हो सकी है, लेकिन अब तक आए नतीजों में पार्टी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ दिया है। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे तक सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने 63,229 ग्राम पंचायत सीटों में से 34,359 पर जीत दर्ज कर ली है। जबकि अन्य 752 पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। पश्चिम बंगाल में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार सुबह से मतगणना जारी है।

SEC की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 9,545 सीट पर जीत दर्ज की है और 180 पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने 2,885 सीट पर जीत दर्ज की है और 96 ग्राम पंचायत सीटों पर आगे है। जबकि कांग्रेस ने 2,498 ग्राम पंचायत सीटों पर जीत दर्ज की तथा 72 अन्य पर आगे है।

जिला परिषद में कौन आगे?


जिला परिषद की कुल 928 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 475 सीटें या तो जीत ली हैं या फिर उन पर काफी आगे चल रही है। जबकि बीजेपी को अब तक 17 सीटें मिली हैं। जबकि सीपीएम को सात और कांग्रेस को चार सीटें हासिल हुई है। इसी तरह पंचायत समिति की 9,730 सीटों में से TMC ने अब तक 4,938 सीटें जीती हैं। जबकि इसमें भगवा पार्टी को 511, सीपीएम को 125 और कांग्रेस को अब तक 105 सीटें ही मिली हैं।

दक्षिण 24 परगना जिले में ताजा हिंसा

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में मतगणना केंद्र के बाहर पुलिसकर्मियों और ISF (इंडियन सेक्युलर फ्रंट) के समर्थकों के बीच झड़प में दोनों ओर के कई लोग घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात हुई जब ISF के सदस्यों ने भंगोर में मतगणना केंद्र के बाहर कथित तौर पर बम फेंके और इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

ये भी पढ़ें- ISKCON ने स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण के बारे में विवादित टिप्पणी करने वाले संत अमोघ लीला दास पर लगाया बैन

पुलिस कर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए रबर की गोलियां चलाईं और आंसू गैस के गोले छोड़े। उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी, उनके सुरक्षाकर्मी तथा कई पुलिसकर्मी और ISF के कुछ कथित सदस्य झड़प में घायल हो गए। पार्टी को बढ़त से उत्साहित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि इस चुनाव ने साबित कर दिया है कि केवल तृणमूल ही राज्य के लोगों के दिल में रहती है।

सीएम ने जनता का किया धन्यवाद

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को पंचायत चुनावों में TMC की शानदार जीत के लिए पश्चिम बंगाल के लोगों को धन्यवाद दिया। बनर्जी ने एक बयान में कहा कि मैं तृणमूल कांग्रेस के प्रति लोगों के प्यार, स्नेह और समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं। इस चुनाव ने साबित कर दिया है कि केवल टीएमसी ही राज्य के लोगों के दिल में रहती है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उनकी पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए मंगलवार को लोगों को धन्यवाद दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।