उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने गुरुवार को पिछली सरकारों पर राज्य पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि वर्तमान भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने यूपी की अर्थव्यवस्था को देश में नंबर 6 से नंबर 2 पर पहुंचा दिया है। उत्तर प्रदेश में पहले चरण के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में पिछले पांच वर्षों में कोई दंगा या आतंकी गतिविधियां नहीं देखी गई हैं।
यूपी में 10 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपना रिपोर्ट कार्ड पेश किया और अपनी सरकार की 5 साल की उपलब्धियां गिनाई। सीएम योगी ने लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि बीते 5 साल में यूपी ने कुछ मील के पत्थर भी गढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि 1947 से 2017 तक उत्तर प्रदेश की जो अर्थव्यवस्था छठें और सातवें स्थान पर थी और 70 सालों में जो काम नहीं हुआ, उसे हमने 5 साल में दूसरे नंबर पर लाने में सफलता प्राप्त की। यूपी की प्रतिव्यक्ति आय 45 हजार वार्षिक थी, ये बढ़कर अब 94 हजार हो गई है। 2015-18 में वार्षिक बजट 2 लाख करोड़ था, ये अब 6 लाख करोड़ हो गया है।
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में महिला पुलिस अधिकारी की तैनाती भी की गई है। यूपी पहला राज्य है जिसने सीमावर्ती क्षेत्र में ज्वाइंट पेट्रोलिंग की कार्रवाई को आगे बढ़ाया है। 2017 से अब तक कोई भी दंगा और आतंकी घटना नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि 1947 से 2017 तक उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिला पुलिसकार्मिक जितनी थीं आज उसकी ठीक तीन गुना हैं, यानि 5 सालों में तीन गुना महिला पुलिसकार्मिकों को भर्ती किया गया है, वे सभी अपनी सेवाएं राज्य में दे रही हैं और महिला सुरक्षा का एक सशक्त नमूना पेश कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 18 साल के सभी पात्र व्यक्तियों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज़ ले ली है। 70 फीसदी से अधिक लोगों ने कोरोना की दोनों डोज लगवा ली है। 60 साल से ऊपर के 15 लाख 38 हज़ार 992 लोगों ने प्रीकॉशन डोज लगवा ली है। उन्होंने कहा कि दूसरी लहर में, हमने ऑक्सीजन संकट को देखते हुए 551 से अधिक ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए। हम तीसरी लहर को सफलतापूर्वक नियंत्रित करने में भी कामयाब रहे हैं।
मुख्यमंत्री और बीजेपी के शीर्ष नेता पश्चिमी क्षेत्र में आक्रामक रूप से प्रचार कर रहे हैं, जहां पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा। आदित्यनाथ बुधवार को मथुरा में थे, जहां उन्होंने उन दलों पर हमला किया जो बीजेपी को चुनौती देना चाहते हैं। आगामी चुनावों में और मतदाताओं से अपनी पार्टी को सत्ता में वापस लाने का आग्रह किया। उन्होंने महामारी से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की।
केंद्रीय नेतृत्व दल द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रचार के लिए तैनात किया गया है। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान होगा। सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 और 3 और 7 मार्च को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।