President Droupadi Murmu Speech: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार 27 जून को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी की अगुआई एनडीए सरकार की सराहना की और कहा कि लोगों ने तीसरी बार इस सरकार पर अपना भरोसा जताया है। 18वीं लोकसभा में यह राष्ट्रपति का पहला संबोधन था। उन्होंने कहा, "मैं 18वीं लोकसभा के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देती हूं। आप सभी देश के मतदाताओं का विश्वास जीतकर यहां पहुंचे हैं। देश और लोगों की सेवा करने का यह अवसर बहुत कम लोगों को मिलता है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सबसे आगे राष्ट्र की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे।" उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी दोबारा निर्वाचित होने पर बधाई भी दी।
राष्ट्रपति के संबोधन की 10 बड़ी बातें-
1. आज पूरी दुनिया में 2024 के लोकसभा चुनावों की चर्चा हो रही है। दुनिया देख रही है कि भारत की जनता ने लगातार तीसरी बार एक स्थिर और स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनाई है।
2. 18वीं लोकसभा कई मायनों में ऐतिहासिक लोकसभा है। इस लोकसभा का गठन अमृत काल के शुरुआती सालों में हुआ है। यह लोकसभा देश के संविधान को अपनाने के 56वें वर्ष की भी साक्षी बनेगी।
3. भारत अब दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। आने वाले संसद सत्र में यह सरकार अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश करने जा रही है। यह बजट सरकार की दूरगामी नीतियों और भविष्य की दूरदर्शिता का एक प्रभावी दस्तावेज होगा। बड़े आर्थिक और सामाजिक फैसलों के साथ-साथ इस बजट में कई ऐतिहासिक कदम भी देखने को मिलेंगे।
4. कश्मीर में वोटिंग के कई रिकॉर्ड टूटे, घाटी ने भारत के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया।
5. मेरी सरकार ने PM किसान सम्मान निधि के तहत देश के किसानों को 3.20 लाख करोड़ रुपए प्रदान किए हैं। मेरी सरकार के नए कार्यकाल की शुरुआत से अब तक 20,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों को हस्तांतरित की जा चुकी है। सरकार ने खरीफ फसलों के लिए MSP में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है। आज का भारत अपनी वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपनी कृषि व्यवस्था में बदलाव कर रहा है।
6. विश्व बंधु के रूप में भारत ने कई ग्लोबल समस्याओं के समाधान की पहल की है। आज भारत दुनिया की चुनौतियों को बढ़ाने के लिए नहीं बल्कि समाधान देने के लिए जाना जाता है।
7. सरकार पिछले 10 सालों में नॉर्थ ईस्ट में स्थायी शांति के लिए काम कर रही है। कई पुराने विवाद सुलझ गए हैं, कई समझौते हुए हैं। सरकार विकास के जरिए अशांत क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से AFSPA को हटाने का काम कर रही है।
8. 1 जुलाई से देश में भारतीय न्याय संहिता लागू हो जाएगी। अब सजा से ज्यादा न्याय को प्राथमिकता दी जाएगी... जो संविधान की भी मूल भावना है।
9. मेरी सरकार निष्पक्ष जांच कराने और हाल ही में कुछ परीक्षाओं के पेपर लीक के दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमने पहले भी कई राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं देखी हैं, ऐसे में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश भर में सख्त कदम उठाने की जरूरत है। संसद ने भी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कानून बनाया है।
10. विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है जब देश के गरीब, युवा, महिलाएं और किसान सशक्त होंगे। इसलिए मेरी सरकार में उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा लक्ष्य हर सरकारी योजना का लाभ उन्हें दिलाना है।
11. CAA के साथ सरकार ने शरणार्थियों को नागरिकता देने की शुरुआत की है। इससे कई लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मौका मिला है। मैं इस कानून के तहत नागरिकता पाने वाले लोगों के बेहतर भविष्य की कामना करती हूं।