चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के बाद अब पंजाब के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बवाल, छात्र की सुसाइड को लेकर प्रदर्शन

पुलिस ने बताया कि पंजाब के जालंधर में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में छात्र ने आत्महत्या कर ली। जिसके बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने भारी विरोध-प्रदर्शन किया

अपडेटेड Sep 21, 2022 पर 1:09 PM
आधी रात को छात्र के खुदकुशी के बाद वहां तनाव का माहौल देखने को मिला

पंजाब के मोहाली में स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (Chandigarh University Row) का विवाद अभी थमा ही नहीं और इस बीच अब जालंधर के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (Lovely Professional University- LPU) में छात्र की मौत से तनाव खड़ा हो गया है। मंगलवार को यूनिवर्सिटी कैंपल में आत्महत्या से प्रथम वर्ष के छात्र की मौत के बाद भारी विरोध प्रदर्शन करते देखा गया।

पुलिस ने बताया कि पंजाब के जालंधर में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में छात्र ने आत्महत्या कर ली। जिसके बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने भारी प्रदर्शन किया। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है।

क्या है पूरा मामला?


फगवाड़ा के डीएसपी जसप्रीत सिंह ने कहा यह दुखदाई घटना है। उन्होंने अपील की है लवली यूनिवर्सिटी के छात्रों से किसी प्रकार की अफवाह ना फैलाई जाए और ना उस पर यकीन किया जाए। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने यूनिवर्सिटी के छात्रों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें।

ये भी पढ़ें- Raju Srivastava: मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन, लंबे समय से वेंटिलेटर पर थे कॉमेडी किंग

फगवाड़ा के डीएसपी ने कहा कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में B. डिजाइन के प्रथम वर्ष के छात्र की मंगलवार दोपहर आत्महत्या से मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया छात्र के कुछ व्यक्तिगत मुद्दे थे, जैसा कि मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट से पता चलता है। फिलहाल, आगे की जांच की जा रही है।

आधी रात को छात्र के खुदकुशी के बाद वहां तनाव का माहौल देखने को मिला। यूनिवर्सिटी में छात्रों ने जोरदार हंगामा किया और मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात बेकाबू न हों, इसलिए वहां बाद में पुलिस को भी बुलाया गया। घटना के बाद छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने बयान जारी करके कहा कि मृतक के पास जो सुसाइड नोट मिला है उसमें खुदकुशी की वजह निजी कारणो को बताया गया है। यूनिवर्सिटी जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रही है। छात्र के माता-पिता को घटना के बारे में सूचना दे दी गई है और वे यूनिवर्सिटी पहुंच रहे हैं। AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल LPU के कुलपति हैं।

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में हुआ था बवाल

आपको बता दें कि यह घटना पंजाब के मोहाली में स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी कैंपस में हुए विरोध प्रदर्शनों के चार दिन बाद आई है। यूनिवर्सिटी की एक लड़की ने कॉमन वॉशरूम में महिला छात्रों के कई आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए थे। छात्राओं के कथित अश्लील वीडियो वायरल होने पर काफी विवाद खड़ा हो गया था। मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस में आरोपी छात्रा, उसके बॉयफ्रेंड और एक अन्य शख्स को गिरफ्तार किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।